दुष्कर्म के बाद छात्रा का गर्भपात कराने में शिक्षक, पत्नी व डाक्टर गिरफ्तार
राजधानी में केंद्रीय विद्यालय गोमतीनगर के कैमेस्ट्री के शिक्षक राम चंद्र तिवारी ने कक्षा 12 की छात्रा (17) से दुष्कर्म किया और उसका गर्भपात करा दिया। इस मामले में पुलिस ने शिक्षक और उसकी पत्नी समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें दो महिला डाक्टर भी शामिल हैं।
लखनऊ। राजधानी में केंद्रीय विद्यालय गोमतीनगर के कैमेस्ट्री के शिक्षक राम चंद्र तिवारी ने कक्षा 12 की छात्रा (17) से दुष्कर्म किया और उसका गर्भपात करा दिया। इस मामले में पुलिस ने शिक्षक और उसकी पत्नी समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें दो महिला डाक्टर भी शामिल हैं। वहीं एक अन्य की तलाश जारी है। आरोपी मूलरूप से आवास विकास कालोनी इंदिरानगर, रायबरेली का निवासी है।
राज्य सरकार के चालक की बेटी (17 वर्ष) केंद्रीय विद्यालय, में कक्षा 12 की छात्रा है। केंद्रीय विद्यालय परिसर में रहने वाला शिक्षक रामचंद्र तिवारी छात्रा का क्लास टीचर भी है और उसे घर पर ट्यूशन भी पढ़ाते था। पुलिस के अनुसार छात्रा ने पुलिस को बताया आरोपी शिक्षक ने पढ़ाने के दौरान उसे कई बार छूने का प्रयास किया था। इस पर उसने विरोध किया था। एक बार आरोपी ने घर पर छात्रा को धोखे से चाय में कोई नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। जिसके बाद से वह लगातार छात्रा का शारीरिक उत्पीडऩ कर रहा था। बाद में छात्रा को डरा-धमकाकर उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए। छात्रा के गर्भवती होने पर आरोपी शिक्षक ने एक होम्योपैथिक डाक्टर की मदद से आइआइएम रोड निजी अस्पताल में संपर्क किया। यहां छात्रा को नौ जनवरी को ले जाया गया था, जहां उस दिन गर्भपात नहीं हो सका। 10 जनवरी को इसी अस्पताल में छात्रा का गर्भपात कराया गया। इसके एक-दो दिन बाद छात्रा की तबीयत बिगडऩे पर उसके घरवालों को संदेह हुआ। तब छात्रा ने माता-पिता को आपबीती बताई।
छात्रा के पिता ने रविवार को एएसपी ट्रांसगोमती दिनेश यादव से पूरे मामले की शिकायत की। गोमतीनगर पुलिस ने तहरीर लेकर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन की और आरोपी शिक्षक रामचंद्र तिवारी के अलावा नाबालिग छात्रा का गर्भपात कराने के आरोप में शिक्षक की पत्नी अनीता तिवारी के साथ विजयश्री अस्पताल, आइआइएम रोड की संचालिका डा.विजयश्री व केशवनगर डुडौली, सीतापुर रोड की डा.अक्सा सिद्दीकी को गिरफ्तार किया है। एएसपी ट्रांसगोमती के मुताबिक मामले में अनीता पति का सहयोग करने तथा दोनों महिला डाक्टर गैरकानूनी ढंग से नाबालिग का गर्भपात करने की आरोपी हैं। बताया गया कि छात्रा के पिता एक बड़े नेता के परिवार का वाहन चलाते हैं। पहले पुलिस मामले को दबाने का प्रयास कर रही थी। बाद में दबाव पडऩे पर कार्रवाई की गई।
आरोपी शिक्षक निलंबित
केंद्रीय विद्यालय, गोमतीनगर के प्रधानाचार्य अरविंद गौड़ के मुताबिक पुलिस की रिपोर्ट मिलने के बाद कल ही आरोपी शिक्षक रामचंद्र तिवारी को स्कूल से निलंबित कर दिया गया है। आरोपी शिक्षक यहां अगस्त 2013 से कार्यरत था। इससे पूर्व वह लखनऊ में एएमसी कैंट, बख्शी का तालाब व केंद्रीय विद्यालय असोम में कार्यरत था। राम चंद्र तिवारी को 15 दिसंबर 2014 को ही विद्यालय परिसर में एक स्टाफ क्वार्टर दिया गया था। इससे पूर्व वह विवेकखंड दो गोमतीनगर में परिवार के साथ रहते थे। उनके एक आठ वर्ष का बेटा भी है। प्रधानाचार्य के मुताबिक छात्रा के पिता ने 11 जनवरी को उनसे शिकायत की थी, लेकिन तब कोई लिखित शिकायत नहीं की थी। एक-दो दिन बाद संपर्क करने की बात कही थी, लिहाजा कालेज प्रशासन ने अपनी ओर से कोई कार्रवाई नहीं की थी।
डॉक्टर ने अपने को निर्दोष बताया
आरोपी डॉ.विजयश्री का कहना है कि छात्रा के पिता उसे लेकर 14 जनवरी को अस्पताल आए थे और बिना पर्चे के छात्रा का इलाज करने का दबाव बना रहे थे। इस पर उन्होंने इलाज से मना कर दिया था। 10 जनवरी को छात्रा को उनके विजयश्री अस्पताल में भर्ती नहीं कराया गया। इस दिन वह सुबह सीतापुर चली गई थीं और रात में वापस लौटी थीं। आरोप है कि उन्हें फंसाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि विजयश्री अस्पताल में 10 हजार रुपये में छात्रा का गर्भपात कराया गया था। छात्रा को अस्पताल में शिक्षक की पत्नी अनीता के नाम से भर्ती कराया था और उम्र 17 वर्ष लिखाई गई थी। पुलिस ने अस्पताल से एक रजिस्टर भी कब्जे में लिया है।
निजी अस्पताल भी गए थे घरवाले
छात्रा के घरवाले स्कूल व थाने में शिकायत करने के साथ ही विजयश्री अस्पताल भी गए। उन्होंने छात्रा की तबीयत बिगडऩे की जानकारी देते हुए उसका इलाज किए जाने की मांग की थी पर उन्हें बैरंग लौटा दिया गया था।