सुशांत गोल्फ सिटी के लिए LDA का नया प्लान: अब अपार्टमेंट के लिए तेजी से पास होंगे नक्शे, समय पर मिलेगी एनओसी
लखनऊ की सुशांत गोल्फ सिटी के लिए एलडीए ने नया प्लान जारी किया है, जिससे अपार्टमेंट के नक्शे अब तेजी से पास होंगे। न्यूनतम प्लॉट आकार घटाया गया है।

सुशांत गोल्फ सिटी के लिए LDA का नया प्लान।
HighLights
अपार्टमेंट के लिए न्यूनतम प्लॉट आकार 2000 से 1000 वर्ग मीटर।
नक्शा पास कराने की प्रक्रिया अब पूरी तरह ऑनलाइन होगी।
फायर सर्विस, जलकल से एनओसी 7-15 दिन में, वरना स्वतः स्वीकृत।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। राजधानी की सुशांत गोल्फ सिटी टाउनशिप सिर्फ पूरी नहीं होगी, बल्कि कामकाज का भी माडल होगी। हाईटेक टाउनशिप नीति के तहत आने वाले ऐसे क्षेत्र जो अविकसित हैं, उसका लेआउट अभी एलडीए ने जारी नहीं किया है। वहां हाईटेक टाउनशिप के मानक लागू न करके भवन निर्माण एवं विकास उपविधि 2025 के तहत कार्य कराया जाएगा।
टाउनशिप में विकास उपविधि के तहत 24 मीटर चौड़ी सड़कों पर स्थित आवासीय भवनों में कुछ निर्धारित व्यावसायिक गतिविधियों को चलाने की अनुमति मिल सकेगी। वहीं, अपार्टमेंट निर्माण के लिए न्यूनतम प्लाट का आकार 2000 वर्ग मीटर से घटाकर 1000 वर्ग मीटर में बनाया जा सकेगा।
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया, लोगों को आवासीय और व्यावसायिक भूखंडों का नक्शा पास कराने के लिए प्राधिकरण के चक्कर काटने की जरूरत नहीं होगी। रजिस्टर्ड आर्किटेक्ट की ओर से प्रमाणित सर्टिफिकेट ही तय सीमा के निर्माण के लिए पर्याप्त होगा। नक्शा पास कराने की प्रक्रिया को पूरी तरह आनलाइन होगी।
आर्किटेक्ट्स नक्शों को सीधे अपलोड कर सकेंगे, जिससे समय और लागत दोनों में कमी आएगी। ऐसे ही फायर सर्विस और जलकल जैसे विभागों को सात से 15 दिनों के भीतर अनापत्ति प्रमाणपत्र देना होगा, अन्यथा एनओसी को स्वतः स्वीकृत मान लिया जाएगा।
