UP: पूस की रात में ठिठुरेंगे 28047‘हल्कू’, बनाए जाएंगे 10 और शेल्टर होम
प्रदेश के 518 शहरी निकाय क्षेत्रों में रात के समय कराए गए सर्वे में बेघरों की संख्या मिली है।10 शेल्टर होम और नगर निगम द्वारा बनाए जाने की योजना है। जिसके लिए तैयारी पूरी हो चुकी है।
लखनऊ, अजय श्रीवास्तव। मुंशी प्रेमचंद की कहानी ‘पूस की रात’ का पात्र था हल्कू, जो सर्द रात में खुले आसमान के नीचे ठिठुर रहा था। ताजा सर्वे में यूपी में भी 28047 हल्कू पाए गए हैं। अब इन बेघरों की चिंता सरकार को सताने लगी है। ठंड से होने वाली मौतों को रोकने के लिए यह सर्वे कराया गया था। हालांकि, रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की गई लेकिन ठिठुरन में इनमें से कितने बेघरों को छत मिल पाएगी? यह बड़ा सवाल है। अभी तक नगर निकायों की ओर से ही बेघर लोगों की सूची तैयार कराई जाती थी, लेकिन इस सूची में तमाम छेद होते थे और सही सूचना सरकार तक नहीं पहुंच पाती थी। थर्ड पार्टी सर्वे के लिए गिरि विकास अध्ययन संस्थान की मदद ली गई थी। प्रदेश के 518 शहरी निकाय क्षेत्रों में रात के समय कराए गए सर्वे में बेघरों की यह संख्या मिली है।
कोई खुले में सोता मिले तो यहां भेजें
गोमती तट पर लक्ष्मण मेला शेल्टर होम, नबीउल्लाह रोड में डीआइजी दफ्तर के पास, अमीनाबाद में झंडे वाला पार्क, जियामऊ प्राइमरी पाठशाला के पास चकबस्त कोठी कैसरबाग के पास, कानपुर रोड नगर निगम चुंगी कार्यालय, जलालपुर मिल रोड, मिल रोड करेहटा, लाटूश रोड चुंगी चौकी, ऐशबाग में संत सुदर्शन पुरी, इंजीनियरिंग कॉलेज के पीछे जानकीपुरम नगर निगम का गैंगहट, मोहिबुल्लापुर में ताड़ी खाना रेलवे क्रासिंग के पास, डालीगंज में नगर निगम का यूनानी अस्पताल, पंचायत भवन चिनहट, कांशीराम स्मारक के पीछे स्टोर, सआदतगंज कल्याण मंडप, इंदिरानगर सी ब्लाक नगर निगम का गैंगहट, देवा रोड पर नहर पुलिया के पास मटियारी गांव, अमराई बाजार में धनधनुष, तेलीबाग में नगर निगम भवन में रैन बसेरा।
राजधानी में 23 शेल्टर होम पहले से
सुप्रीम कोर्ट ने बेघरों के लिए शेल्टर होम बनाने के निर्देश दिए थे। इसके बाद लखनऊ नगर निगम क्षेत्र में भी 23 शेल्टर होम बनाए गए थे। दस और शेल्टर बनाए जाने की योजना है। इनके लिए नगर निगम जमीन की तलाश कर रहा है। शेल्टर होम में नगर निगम की तरफ से कंबल और बिस्तर के इंतजाम हैं।
क्या कहते हैं अफसर ?
- लखनऊ गिरि विकास अध्ययन संस्थान के निदेशक प्रोफेसर बीके वाजपेयी का कहना है कि रिपोर्ट तैयार हो गई है और सरकार के समक्ष उसका प्रस्तुतिकरण किया जा चुका है। शहर के हिसाब से जल्द ही रिपोर्ट सौंप दी जाएगी।
- डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी, नगर आयुक्त के मुताबिक, नगर निगम के सभी 23 शेल्टर होम में सुविधाएं ठीक करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए सर्वे भी कराया गया था। कुछ कमी होगी तो उसे जल्द ठीक कर लिया जाएगा। दस नए शेल्टर होम बनाए जाने की भी योजना है। कोशिश होगी कि सर्द रात में कोई खुले में न सोए।