फतेहगढ़ सेंट्रल जेल में रखा जाएगा सुनील राठी, अाज कड़ी सुरक्षा में की जा सकती है शिफ्टिंग
बागपत जेल में माफिया मुन्ना बजरंगी की हत्या करने के आरोपित कुख्यात सुनील राठी को अब केंद्रीय कारागार फतेहगढ़ में रखा जाएगा।
लखनऊ (जेएनएन)। बागपत जेल में माफिया मुन्ना बजरंगी की हत्या करने के आरोपित कुख्यात सुनील राठी को अब केंद्रीय कारागार फतेहगढ़ में रखा जाएगा। शासन ने शुक्रवार को सुनील राठी को बागपत जेल से स्थानान्तरित कर फतेहगढ़ जेल भेजे जाने का आदेश जारी कर दिया। यह केंद्रीय कारागार उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में स्थित है। माना जा रहा है कि शनिवार को सुनील राठी को कड़े सुरक्षा घेरे में फतेहगढ़ जेल ले जाया जाएगा। उल्लेखनीय है कि राठी को पहले डासना जेल शिफ्ट करने की चर्चा जोरों पर थी। गुरुवार शाम तक इसका रुख लखनऊ की ओर नजर आने लगा।
बागपत जेल में चलता था राठी का सिक्का
बागपत जेल में आजीवन कारावास की सजा काट रहे कुख्यात राठी का सिक्का चलता था। सोमवार सुबह उसने जेल के भीतर मुन्ना बजरंगी को गोलियों से छलनी कर दिया था और फिर पुलिस के सामने हत्या करने की बात स्वीकार की थी। सुरक्षा कारणों से एडीजी कारागार चंद्रप्रकाश ने सुनील राठी को किसी दूसरी जेल में भेजे जाने का प्रस्ताव शासन को भेजा, जिस पर शुक्रवार को शासन ने राठी को केंद्रीय कारागार फतेहगढ़ भेजे जाने का निर्णय लिया। संयुक्त सचिव सूर्य प्रकाश सिंह सेंगर ने प्रशासनिक आधार पर सुनील राठी के जेल स्थानान्तरण का आदेश जारी किया है। साथ ही बागपत जेल में निरुद्ध सुनील राठी के कुछ करीबियों को भी दूसरी जेलों में स्थानान्तरित किए जाने की तैयारी है।