ऑफिस में डांस करने वाले सुलतानपुर के परियोजना निदेशक सस्पेंड, डिप्टी सीएम के निर्देश पर हुई कार्रवाई
सुलतानपुर के जिला ग्राम्य विकास अभिकरण के परियोजना निदेशक को कार्यालय में डांस करने और अधीनस्थों से आपत्तिजनक व्यवहार के आरोप में निलंबित किया गया है।

कार्यालय में डांस करने वाले सुलतानपुर के परियोजना निदेशक निलंबित।
HighLights
सुलतानपुर के परियोजना निदेशक अशोक कुमार सिंह निलंबित किए गए।
कार्यालय में डांस और आपत्तिजनक व्यवहार के आरोप लगे।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के निर्देश पर हुई यह कार्रवाई।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। कार्यालय में डांस को लेकर चर्चा में आए सुलतानपुर में जिला ग्राम्य विकास अभिकरण (डीआरडीए) के परियोजना निदेशक अशोक कुमार सिंह को निलंबित कर दिया गया है।
पद की गारिमा के विरुद्ध आचरण करने और अधीनस्थों कर्मचारियों के साथ आपत्तिजनक व्यवहार करने के आरोप में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के निर्देश के बाद यह कार्यवाही की गई है।
परियोजना निदेशक का पिछले दिनों कार्यालय में डांस करते एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ था। वीडियो में उसके नशे में होने के भी आरोप लगे थे।
अशोक कुमार सिंह के खिलाफ कार्यालय के अधीनस्थ कार्मिकों के साथ आपत्तिजनक व्यवहार करने की भी शिकायत थी। जिसके बाद ग्राम्य विकास विभाग ने मामले की जांच कराई थी।
जांच में प्रथमदृष्टया शासन-प्रशासन की छवि धूमिल करने, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना करने आदि के लिए दोषी पाए जाने पर निलंबन का आदेश जारी कर दिया है। निलंबन की अवधि में अशोक कुमार सिंह को ग्राम्य विकास आयुक्त के कार्यालय से संबद्ध किया गया।
