Lockdown 3.0 in Lucknow: पीएसी में चल रही Stress-Solution हेल्प लाइन, मनोचिकित्सक हल कर रहे समस्या
लखनऊ में स्ट्रेस सॉल्यूशन हेल्प लाइन में अधिकतर पारिवारिक विवादों के फोन आ रहे हैं लोग शेयर कर रहे अपनी समस्याएं।
लखनऊ, जेएनएन। हेलो स्ट्रेस सॉल्यूशन हेल्प लाइन से बोल रहे हैं। मेरी तुरंत डॉक्टर साहब से बात कराइए। डॉ. साहब ये लॉकडाउन तो मेरे लिए मुसीबत हो गया है। पति घर पर दिन भर रहते हैं। कुछ न कुछ काम बताते रहते हैं और खुद मोबाइल में व्यस्त रहते हैं। काम में हाथ बटाने को कहो तो झगड़ते हैं। मैं बहुत परेशान हूं, बीमार भी हूं। इस तरह के फोन इन दिनों स्ट्रेस सोल्यूशन हेल्प लाइन पर आ रहे हैं।
लॉकडाउन के दौरान मानसिक रूप से कमजोर और अवसादग्रस्त लोगों के लिए यह हेल्प लाइन पीएसी मुख्यालय से संबंध दारोगा अनूप मिश्रा ने शुरू की। उन्होंने ग्रुप में मनोचिकित्सक समेत 10 डॉक्टरों को लोगों की निश्शुल्क काउंसिलंग और उनकी समस्याओं का समाधान करने के लिए जोड़ रखा है। दिन भर में 30-35 लोगों के फोन आ रहे हैं। जिसमें से करीब 20 मामले पति-पत्नी के झगड़ों के होते हैं।
सबसे अधिक मामले पति-पत्नी के विवाद के दूसरे बच्चों से संबंधित
दारोगा अनूप बताते हैं कि सर्वाधिक मामले पति पत्नी के विवाद के आ रहे हैं। कारण यह है कि कभी एक छत के नीचे पति-पत्नी एक साथ नहीं रहे होंगे। लॉकडाउन के दौरान वह साथ रह रहे हैं। इसके अलावा व्यापारी आदि भी फोन कर रहे हैं कि आगे क्या स्थित होगी उन्हें व्यापार की चिंता है। व्यापार बंद होने के कारण वह तनाव में हैं। अभिभावक अपने बच्चों के स्ट्रेस को लेकर परेशान हैं। बच्चों में मोबाइल एडिक्शन, चिड़चिड़ापन व कई अन्य प्रकार की दिक्कतें हैं। इस लिए छोटी-छोटी बातों पर उनके बीच झगड़ा हो रहा है। शहर ही नहीं वाराणसी, आगरा समेत कई अन्य शहरों के अलावा कोलकाता, गुड़गांव, दिल्ली से भी फोन आ रहे हैं।
सुबह आठ बजे से रात 11 बजे तक चलती है हेल्प लाइन
अनूप ने बताया कि सुबह आठ बजे से रात 11 बजे तक हेल्प लाइन नंबर 9918317707 पर लोग कॉल कर सकते हैं। इसके बाद उनकी डॉक्टर से बात कराकर अथवा ग्रुप से जोड़कर वाट्सएप मैसेज और कॉल के माध्यम से लोगों की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है।
यह है डॉक्टरों की टीम
मनोचिकित्सक डॉ. शारश्वत सक्सेना, डॉ. प्रांजल अग्रवाल, डॉ. आशुतोष श्रीवास्तव, डॉ. नताशा दुआ, डॉ. मधुबाला, तान्या संजीव, निरवान समेत 10 लोग हैं।