तनाव के चलते पुलिसकर्मी बन रहे ब्लड प्रेशर केशिकार
विधि विज्ञान प्रयोगशाला परिसर में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में दी गई जानकारी
लखनऊ (जागरण संवाददाता)। भागमभाग की दिनचर्या और तनाव के कारण पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों में ब्लड प्रेशर की समस्या सबसे अधिक है। शनिवार को यह जानकारी विधि विज्ञान प्रयोगशाला परिसर में आयोजित निश्शुल्क स्वास्थ्य शिविर में हुई।
स्वास्थ्य शिविर का आयोजन डीजी तकनीकी सेवा महेंद्र मोदी के निर्देश पर किया गया। शिविर के दौरान डॉ. शशिकांत गुप्ता, रेडियोलाजिस्ट, गाइनिकोलोजिस्ट डॉ. सुपर्णा व अन्य डॉक्टरों ने विधि विज्ञान प्रयोगशाला, उत्तर प्रदेश कंप्यूटर केंद्र, राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो, फिंगर प्रिंट ब्यूरो, कार्यालय पुलिस अधीक्षक तकनीकी सेवाओं के अधिकारियों और कर्मचारियों समेत 104 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जिसमें 37 लोगों में उच्च और निम्न रक्त चाप की समस्या मिली। उन्हें दवाइयां देने के साथ ही बीपी कंट्रोल करने के बारे में बताया गया। वहीं, विशेषज्ञों का कहना है कि पुलिसकर्मियों की भागमभाग की दिनचर्या, काम के प्रेशर और तनाव के कारण बीपी की समस्या हो रही है। शिविर के दौरान एडीजी तकनीकी सेवा आशुतोष पांडेय, एएसपी तकनीकी सेवा विवेक त्रिपाठी व अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
बीपी की समस्या देख डीजी ने लगवाई दौड़
परीक्षण के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों में बीपी की अधिक समस्या देख डीजी महेंद्र मोदी ने कुछ लोगों को दौड़ लगवाई। उसके बाद बीपी चेक किया गया तो वह नार्मल रहा। डीजी ने कर्मचारियों को दौड़ लगाने और अपना रुटीन सुधारने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि बीपी की समस्या व्यक्ति खुद से दूर कर सकता है। उसे बस खुलकर हंसना और योग करना चाहिए।