कोडीन कफ सीरप तस्करी: STF ने आरोपी भूपेंद्र सिंह चौहान की 10 दिन की रिमांड मांगी, वित्तीय लेनदेन की होगी जांच
एसटीएफ ने कोडीनयुक्त कफ सीरप के अवैध कारोबार के नेटवर्क की जांच के लिए आरोपित भूपेंद्र सिंह चौहान की 10 दिन की पुलिस कस्टडी रिमांड मांगी है।

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
एसटीएफ ने भूपेंद्र चौहान की 10 दिन की रिमांड मांगी।
कोडीनयुक्त कफ सीरप के अवैध नेटवर्क की जांच होगी।
अमित गुप्ता और आसिफ से जुड़ी कड़ियां मिलेंगी।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। कोडीनयुक्त कफ सीरप के अवैध कारोबार के नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने आरोपित भूपेंद्र सिंह चौहान की 10 दिन की पुलिस कस्टडी रिमांड मांगी है।
एसटीएफ ने इसके लिए लखनऊ की अदालत में प्रार्थना पत्र दिया है। रिमांड आवेदन पर सोमवार या मंगलवार को सुनवाई होनी है। न्यायालय तय करेगा कि पूछताछ के लिए कितने दिन की रिमांड मंजूर की जाएगी।
एसटीएफ भूपेंद्र सिंह चौहान से पूछताछ कर इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाना चाहती है। जांच एजेंसी को विशेष रूप से अमित गुप्ता और आसिफ के संबंध में अहम जानकारियां मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही कोडीनयुक्त कफ सीरप की खरीद-बिक्री, आपूर्ति और वितरण से जुड़े नेटवर्क की अन्य कड़ियों का पता लगाने का प्रयास किया जाएगा।
जांच इस अवैध कारोबार में इस्तेमाल की गई फर्मों और उनके जरिए हुए वित्तीय लेनदेन से संबंधित तथ्यों की भी पड़ताल कर रही है। भूपेंद्र से पूछताछ के दौरान यह पता लगाने का प्रयास होगा कि नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल थे, उनके बीच किस तरह संपर्क था और सीरप की आपूर्ति में उनकी क्या भूमिका रही। पूछताछ में सामने आने वाली जानकारियों का अन्य आरोपितों के बयानों और जांच के दौरान जुटाए गए दस्तावेजों से मिलान किया जाएगा।
एसटीएफ की जांच का प्रमुख उद्देश्य कोडीनयुक्त कफ सीरप की आपूर्ति शृंखला का पता लगाना और इसमें शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट करना है। अमित गुप्ता और आसिफ से जुड़ी कड़ियों की जानकारी मिलने से जांच को आगे बढ़ाने में मदद मिल सकती है।
