दीपोत्सवः जैसे किसी का घर ढह गया हो और वह टेंट में रहकर दीपावली मनाएः विनय कटियार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या पहुंचकर दीपावली मना रहे हैं परंतु रामजन्मभूमि पर मंदिर निर्माण के बिना यह दीपावली अधूरी लगती है।
फैजाबाद (जेएनएन)। हिंदुत्ववादी नीति की वजह से ही गत दो वर्षों से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या पहुंचकर दीपावली मना रहे हैं, परंतु रामजन्मभूमि पर भव्य राममंदिर के निर्माण के बिना यह दीपावली अधूरी लगती है। यह उद्गार भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व सांसद विनय कटियार ने व्यक्त किए। वे क्षेत्र के हाजीपुर गांव स्थित भाजपा के सदस्यता अभियान के अवध प्रांत प्रभारी कृष्णकुमार पांडेय खुन्नू ने हनुमान जयंती के अवसर पर आयोजित भंडारा में शामिल होने के दौरान कही।
कटियार के अनुसार अयोध्या में मौजूद रहकर मुख्यमंत्री के दीपावली को भव्यता देने व अयोध्या की सुंदरता में चार चांद लगाने से पूरे विश्व के हिंदुओं में गर्व की अनुभूति हुई है। फिर भी यह वैसे ही लगता है, जैसे किसी का घर ढह गया हो और वह बिना घर के टेंट में रहकर दीपावली मनाए।कटियार ने कहा किहिंदू समाज ने एकजुट होकर देश व प्रदेश में राष्ट्रवादी सरकार बनवायी है, इसलिए अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का फर्ज बनता है कि राष्ट्र निर्माण के लिए अध्यादेश लाकर राम मंदिर का निर्माण कर अयोध्या में असली दीपावली मनाने का सुख प्रदेशवासियों को दे। विधायक रामचंद्र यादव, महंत शंकरदास, पंचायत प्रकोष्ठ के प्रदेश प्रभारी बृजबहारी, भाजपा अवध क्षेत्र अध्यक्ष सुरेश तिवारी, दरियाबाद विधायक सतीश शर्मा, रामनगर विधायक शरद अवस्थी, अमित तिवारी, मधुकर तिवारी ने भी कार्यक्रम में मौजूद थे।