प्रगतिशील समाजवादी पार्टी कांग्रेस से गठबंधन के लिए तैयार : शिवपाल
प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने कांग्रेस से गठबंधन करने के लिए तैयार रहने की हामी भरते हुए सपा और बसपा के मेल को ठगबंधन करार दिया है।
लखनऊ, जेएनएन। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने कांग्रेस से गठबंधन करने के लिए तैयार रहने की हामी भरते हुए सपा और बसपा के मेल को ठगबंधन करार दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह गठबंधन पैसों के लिए किया गया है। उल्लेखनीय है कि रविवार को लखनऊ में कांग्रेस महासचिव गुलाम नबी आजाद ने सभी 80 सीटों पर चुनाव लड़ने की बात कहते हुए छोटे दलों के लिए रास्ते खुले होने का जिक्र भी किया और सभी 80 सीटों पर चुनाव की अपनी तैयारी पूरी बताई थी। हालांकि रालोद या प्रसपा से तालमेल के मामले पर उनकी चुप्पी बनी रही। इसी घटनाक्रम के बाद शिवपाल का कांग्रेस से गठबंधन संबंधी बयान राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय है।
कांग्रेस धर्मनिरपेक्ष पार्टी
अब शिवपाल ने कहा है कि फिलहाल कांग्रेस से गठबंधन के बारे में कोई बातचीत नहीं हुई है। कांग्रेस एक धर्मनिरपेक्ष पार्टी है और यदि वह भारतीय जनता पार्टी को हराने के लिए उनसे संपर्क करती है तो उसका समर्थन करेंगे। शनिवार को सपा-बसपा मेंं गठबंधन फाइनल होने के बाद रविवार को शिवपाल ने कहा कि प्रगतिशील समाजवादी पार्टी, बहुजन मुक्ति पार्टी और हमारे गठबंधन सहयोगियों का समर्थन मिले बिना कोई गठबंधन भाजपा को हरा नहीं सकता है। भाजपा को सत्ता से बेदखल करने के लिए हम धर्मनिरपेक्ष दलों से गठबंधन करने को तैयार हैं।