देश को नए प्रधानमंत्री की जरूरत, सियासत में बदलाव तेज : अखिलेश
समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने देश में नए प्रधानमंत्री की जरूरत बताते हुए कहा कि सियासत में बहुत तेजी से बदलाव हो रहा है।
लखनऊ (जेएनएन)। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मंगलवार को पार्टी मुख्यालय में अनुपूरक बजट को लेकर योगी सरकार पर प्रश्न उठाते हुए कहा कि जनता को अधिक दिनों तक धोखे में नहीं रखा जा सकता है। देश में नए प्रधानमंत्री की जरूरत बताते हुए कहा कि सियासत में बहुत तेजी से बदलाव हो रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में दो बजट व एक अनुपूरक आने के बाद भी युवाओं को अभी लैपटॉप मिलने का इंतजार है। सरकार को बताना चाहिए कि आखिर कब लैपटॉप देंगे। अखिलेश कहा कि आने वाले चुनाव में भाजपा को पता है क्या होने वाला है। महंगाई, नोटबंदी, बेरोजगारी व जीएसटी से आम जनता परेशान है। ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी पर उन्होंने कहा कि 60 हजार करोड़ के निवेश परियोजनाओं सरकार जवाब दे कि इतना निवेश करने को किस बैंक ने कर्ज दिया है। अखिलेश भाजपा पर भले ही जमकर बरसे हों लेकिन, उन्होंने अमर सिंह द्वारा लगाए गए आरोपों का कोई जवाब नहीं दिया।
साइकिल चलाकर झूठ उजागर करेंगे
पार्टी मुख्यालय में अखिलेश ने लोहिया वाहिनी के पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी की ताकत युवा हैं। नौजवान साथ खड़े होंगे तो परिवर्तन की लहर चलेगी और भाजपा कहीं की न रहेगी। भाजपा के लिए सपा चुनौती बनकर खड़ी है और भाजपा केवल षड्यंत्र कर रही है। भाजपा राज में भ्रष्टाचार फल-फूल रहा है, इसीलिए जनता बदलाव चाहती है। उन्होंने मांग की है कि निष्पक्ष चुनाव ईवीएम से नहीं बैलट पेपर से ही होना चाहिए।
पंखुड़ी के सपा पर हमले जारी
सपा से इस्तीफे के बाद पंखुड़ी पाठक के मंगलवार को भी सपा नेतृत्व पर हमले जारी रहे। सोशल मीडिया पर पंखुड़ी की टिप्पणियों में सपा पर महिला विरोधी होने जैसे आरोप लगाए गए। उन्होंने सपा प्रमुख की ब्राह्मण विरोधी पोस्ट शेयर करने पर भी आलोचना की। पंखुड़ी ने कहा कि जो बात मैं कह रही हूं, वही शिवपाल और नेताजी भी कह रहे हैं। जितनी टिप्पणी मुझ पर की जा रही है उतनी ही उन पर भी हो। उन्होंने कहा कि मुझे टारगेट कर कुछ लोगों ने नेता बनना चाहा और अभी भी कर रहे हैं।