मुलायम सहित 40 स्टार प्रचारक
लखनऊ। प्रदेश सरकार की लोकप्रियता और भाजपा की लहर का पैमाना बनने जा रहे विधानसभा की 11 और लोक
लखनऊ। प्रदेश सरकार की लोकप्रियता और भाजपा की लहर का पैमाना बनने जा रहे विधानसभा की 11 और लोकसभा की एक सीट के उपचुनाव में समाजवादी पार्टी ने 40 स्टार प्रचारक उतारने का फैसला किया है। सूची चुनाव आयोग को भेज दी गई है। इसमें लोकसभा चुनाव की तरह ही मुलायम, रामगोपाल के बाद आजम खां का नाम दर्ज है।
बमुश्किल ढाई साल पहले बहुमत की सरकार बनाने वाली सपा लोकसभा चुनाव में सिर्फ पांच सीटों पर सिमट गई। लोकसभा चुनाव में उसका यह सबसे खराब सियासी प्रदर्शन था। इस पराजय के लिए पार्टी ने सांप्रदायिक ध्रुवीकरण और राज्य सरकार के कार्यो को जनता के बीच ले जाने में नाकामी को जिम्मेदार माना था। लोकसभा चुनाव के तकरीबन तीन माह बाद राज्य की 11 विधानसभा सीटों और लोकसभा की एक सीट पर होने वाले उपचुनाव के परिणामों से भाजपा की लहर और राज्य सरकार की लोकप्रियता का आकलन होना तय है। लिहाजा चुनाव में जीत के लिए हर दांव आजमा रही सरकार ने चुनाव प्रचार के लिए 40 स्टार प्रचारकों की सूची चुनाव आयोग को भेजी है। इसमें इन दिनों सपा नेतृत्व से खफा-खफा से कहे जा रहे नगर विकास मंत्री आजम खां का नाम भी तीसरे नंबर पर दर्ज है। उनसे पहले सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव और राष्ट्रीय महासचिव प्रो.राम गोपाल का ही नाम है।
प्रदेश अध्यक्ष और मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का नाम चौथे नंबर पर है। अब अगर इस सूची को सियासी कद का पैमाना माना जाए तो तमाम कयासों के बावजूद आजम का कद जस का तस बना हुआ है। पार्टी ने स्टार प्रचारों का नाम तय करने में भी जातीय संतुलन साधने का प्रयास किया है। ब्राह्मण समाज की नुमाइंदगी के लिए प्रबुद्ध सभा के प्रदेश अध्यक्ष व मंत्री मनोज पाण्डेय, अभिषेक मिश्र, अशोक बाजपेयी का नाम शामिल किया गया है। क्षत्रियों की नुमाइंदगी के लिए अरविंद सिंह गोप, सांसद अरविंद सिंह, राज किशोर सिंह, विनोद कुमार सिंह पंडित को भी शामिल किया गया है। टीम अखिलेश के सदस्य सुनील यादव साजन, डॉ.राजपाल कश्यप, राम वृक्ष सिंह यादव और दर्जा प्राप्त आशू मलिक का नाम भी स्टार प्रचारकों में शामिल हैं।
----