यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 31, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
सपा ने फिर उठाई मुरादाबाद मंडलायुक्त IAS आंजनेय कुमार सिंह को हटाने की मांग, आजम खां पर कसा था कानूनी शिकंजा
UP Politics समाजवादी पार्टी ने शुक्रवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार शुक्ला से मुरादाबाद के मंडलायुक्त आन्जनेय कुमार सिंह ...और पढ़ें

लखनऊ, राज्य ब्यूरो: समाजवादी पार्टी ने शुक्रवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार शुक्ला से मुरादाबाद के मंडलायुक्त आन्जनेय कुमार सिंह को फिर से हटाने की मांग की। सपा प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि इनके रहते स्वार विधानसभा सीट का उपचुनाव स्वतंत्र व निष्पक्ष संभव नहीं है।
सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन में कहा कि भारत निर्वाचन आयोग ने रामपुर की स्वार विधानसभा का उपचुनाव घोषित कर दिया है।
रामपुर में जिलाधिकारी रह चुके हैं आन्जनेय कुमार सिंह
मुरादाबाद के वर्तमान मंडलायुक्त आन्जनेय कुमार सिंह लंबे समय तक रामपुर में जिलाधिकारी रह चुके हैं और पदोन्नत होकर मंडलायुक्त के पद पर भी काफी समय से तैनात हैं।
वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में भी उन पर भाजपा कार्यकर्ता के रूप में कार्य करने का आरोप लगे थे। उस समय भी उन्हें हटाने की मांग सपा ने की थी। इसके बावजूद उन्हें नहीं हटाया गया।
सपा ने लगाए गंभीर आरोप
सपा ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कई बार शिकायत करने के बावजूद आन्जनेय कुमार सिंह को न हटाए जाने से भारत निर्वाचन आयोग की विश्वसनीयता पर प्रश्नचिह्न लग रहा है। इसलिए इस बार इन्हें हटाकर ही स्वार सीट का उपचुनाव कराया जाए।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार शुक्ला को ज्ञापन देने वालों में वरिष्ठ समाजवादी नेता केके श्रीवास्तव व डा. हरिश्चन्द यादव शामिल थे।