अखिलेश यादव ने सुनी पीड़ित की गुहार, सपा ने CISF जवान के परिवार को भेजे एक लाख रूपए
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को ऊंचाहार में दबंगों द्वारा पीड़ित परिवार को न्याय न मिलने और गाजीपुर में सीआईएसएफ जवान पर हमले की जानकारी दी गई।

सपा की तरफ से पीड़ित परिवार को एक लाख रूपये की आर्थिक मदद
HighLights
सपा ने ऊंचाहार पीड़ित परिवार को एक लाख रुपये की मदद दी।
अखिलेश यादव को दबंगों द्वारा जमीन कब्जाने की जानकारी मिली।
गाजीपुर में सीआईएसएफ जवान पर जानलेवा हमला, गोली मारी गई।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को रविवार को विधायक इन्द्रजीत सरोज तथा रायबरेली के जिलाध्यक्ष वीरेन्द्र यादव ने ऊंचाहार क्षेत्र में पुलिस द्वारा पीडीए परिवार के प्रति दबंगों के अन्याय का हाल बताया।
सपा की तरफ से पीड़ित परिवार को एक लाख रूपये की आर्थिक मदद दी गई। उन्होंने बताया कि ऊंचाहार स्थित जगतपुर के गांव उड़वा के प्रधान रमेश मिश्र द्वारा राजू पासी व उनकी पत्नी सीमा देवी को प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान द्वारा राजू पासी की चार विस्वा जमीन पर कब्जा कर लिया गया है।
उपजिलाधिकारी द्वारा जमीन पर पीड़ित का कब्जा कराने के बाद प्रधान ने फिर से उसे मारपीट कर जमीन पर कब्जा कर लिया है। साथ ही पीड़िता के साथ बदसलूकी की गई। उसकी मदद करने आई रिद्धिमा सिंह को थाने के अंदर पीटा गया और पुलिस पीड़ितों को न्याय दिलाने की बजाय ग्राम प्रधान की मदद कर रही है।
वहीं दूसरी तरफ सपा अध्यक्ष को गाजीपुर निवासी राकेश सिंह यादव ने ज्ञापन दिया है। ज्ञापन में कहा गया है कि केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआइएसएफ)का राघवेश सिंह यादव छुट्टी पर अपने घर आया हुआ था। वह 13 अक्टूबर को बगीचे की तरफ से क्रिकेट खेलकर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान कुछ दबंगों ने बिना किसी कारण के उसके साथ गाली-गलौज की। जब जवान ने इसका विरोध किया, तो उक्त लोगों ने उसे गोली मारने का प्रयास किया।
गोली नहीं लगने पर पिस्टल के बट से उनके सिर पर वार कर उन्हें घायल कर दिया। इसके बाद जवान को उपचार के लिए ले जाते समय दबंगों ने रास्ते में रोक कर जवान व उसे अस्पताल ले जा रहे पंकज को गोली मार दी। एक गोली पंकज के सीने व दूसरी गोली राघवेश के पैर में लगी। उन्होंने आरोपितों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
