सपा का काले मटकों से भाजपा पर वार, पश्चिम के नेताओं को साथ लेकर अखिलेश ने साधा 2027 का निशाना
Akhilesh Yadav: मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों का मुद्दा उठाते हुए डुप्लीकेट वोटरों के जरिये चुनाव में धांधली की आशंका जताई।
HighLights
सपा मुख्यालय में ‘वोट चोरी’, ‘मंदिर में चोरी’ व ‘जीएसटी बंदी’ लिखे मटके रखे
सपा मुखिया अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग पर लगाए गंभीर आरोप
राज्य ब्यूरो, लखनऊ : उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी समाजवादी पार्टी ने शुक्रवार को दो मोर्चों पर एक साथ आगे बढ़ने की कोशिश की। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 12 काले मटके रखकर भाजपा पर भ्रष्टाचार और वोट चोरी के आरोप लगाए।
पार्टी मुख्यालय में मंच के सामने रखे गए मटकों पर ‘वोट चोरी’, ‘मंदिर में चोरी’ और ‘जीएसटी बंदी’ आदि शीर्षक लिखे हुए थे। सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा के पापों के मटके भर चुके हैं, अब टैंकर आएंगे। उन्होंने मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों का मुद्दा उठाते हुए डुप्लीकेट वोटरों के जरिये चुनाव में धांधली की आशंका जताई। इस दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई नेताओं ने सपा की सदस्यता भी ग्रहण की।
पार्टी मुख्यालय पर शुक्रवार को पत्रकार वार्ता में सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि भाजपा और चुनाव आयोग मिलकर वोट चोरी की साजिश कर रहे हैं। आजमगढ़ के विकास यादव नाम के एक युवक को पेश कर दावा किया कि उसके नाम पर दस फर्जी वोट बनाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि युवक एक वोट डालेगा, जबकि बाकी नौ वोटों के जरिये हेराफेरी की जा सकती है। चुनाव आयोग पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि यह चुनाव आयोग नहीं, बल्कि ‘मुचवा’ बन गया है, जो बड़ी गलतियों को छिपा रहा है। हमने एक लाख फर्जी वोटरों की शिकायत दी है।
साजिश में नाकाम होने के बाद अब एसएसआर
सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा अपनी साजिश में नाकाम होने के बाद अब एसएसआर कराने जा रही है। तंज करते हुए कहा कि एसएसआर को उल्टा कर दें तो आरएसएस होता है। ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा एक ही बार में चोरी करना चाहती है।
उन्होंने मतदाता सूची में गड़बड़ियों को लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर सवाल बताते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं से सतर्क रहने का आह्वान किया। कहा कि पीडीए के प्रहरी इस साजिश को सफल नहीं होने देंगे और सपा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में जीत का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रही है।
