समाजवादी पार्टी का कुनबा बढ़ाओ अभियान जारी, पूर्व सांसद और मंत्रियों सहित सैकड़ों ने ली सदस्यता
Samajwadi Party Joining: भाजपा नेता पूर्व राज्यसभा सदस्य राजपाल सैनी के साथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सैकड़ों नेताओं को सदस्यता ...और पढ़ें

समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव
HighLights
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दिलाई सदस्यता, शिवपाल सिंह यादव के साथ सांसद इकरा हसन भी मौजूद
भाजपा के साथ रालोद, बसपा और कांग्रेस के नेता अब समाजवादी पार्टी के साथ
डिजिटल डेस्क, लखनऊ : उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव से पहले नेताओं की भगदड़ को देखते हुए समाजवादी पार्टी ने कुनबा बढ़ाओ अभियान को गति दे दी है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में भाजपा नेता पूर्व राज्यसभा सदस्य राजपाल सैनी के साथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सैकड़ों नेताओं को सदस्यता प्रदान की। समाजवादी पार्टी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी है और लगातार नेता पार्टी से जुड़ रहे हैं।
समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि मुझे खुशी है कि एक कारोबारी और एक सफल उद्योगपति समाजवादी पार्टी में शामिल हो रहे हैं। मैं व्यापारी साथियों का भी स्वागत करता हूं, हालांकि यह तो अभी शुरुआत है।
भाजपा ने आज जन समर्थन खो दिया है, जनता उनसे दुखी है, पीड़ित है और अपमानित हो रही है। अब जनता उनके साथ नहीं खड़ा होना चाहती है। अब हम देख रहे हैं कि जब कोई साजिश काम नहीं आ रही है तो उन्होंने फैसला ले लिया है वो SSR(विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण) कराने जा रहे हैं। हम उनकी साजिश को कामयाब नहीं होने देंगे और हर स्तर पर उनको रोकने का काम करेंगे।
सपा की सदस्यता लेने वालों में आजाद समाज पार्टी से पवन सैनी, निषाद पार्टी से शुभेंद्र आचार्य और राष्ट्रीय लोकदल से संजीव प्रधान, राजेंद्र मलिक, विजेंद्र मलिक, शुभम मलिक व राजेंद्र सिंह सपा में शामिल हुए। पूर्व प्रत्याशी सिवान सैनी शामिल थे। राजपाल सैनी पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पिछड़े वर्ग की राजनीति का जाना-पहचाना चेहरा हैं। वहीं, हरबीर मलिक के आने को भी सपा के लिए क्षेत्रीय संगठन के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
सपा प्रमुख ने कहा कि ये तो शुरुआत है, अभी तो विधायकों का स्वागत नहीं हुआ है, उनकी बड़ी संख्या है। उन्होंने सरकार बनने पर गन्ना किसानों को 24 घंटे में भुगतान और गन्ना मूल्य में बढ़ोत्तरी का वादा भी दोहराया।
भाजपा, राष्ट्रीय लोकदल और बसपा को छोड़कर नेतागण शुक्रवार को समाजवादी पार्टी में शामिल हो गये। भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य हरवीर मलिक के साथ पूर्व राज्यसभा सदस्य व मंत्री राजपाल सैनी भाजपा से सपा में शामिल हो गये। शामली से भाजपा के पुराने जाट नेता हरवीर मलिक पश्चिम उत्तर प्रदेश के उपाध्यक्ष रहे हैं।
मलिक राज्य और राष्ट्रीय कार्यकारिणी में भी थे। इनके साथ गाजियाबाद से बसपा उम्मीदवार रहे नंदकिशोर पुंडीर सपा में शामिल हुए। आजाद समाज पार्टी से कमल गौतम ने भी अखिलेश यादव से सदस्यता ली। इनके साथ ही शामली से राष्ट्रीय लोकदल के नेता संजीव प्रधान, राजेंद्र मलिक और राजेंद्र सिंह सपा में शामिल हो गये। बसपा से पीलीभीत के उम्मीदवार रहे शाने अली सहित तमाम नेताओं ने आज सपा की सदस्यता ली।
नेताओं का दल बदल का दौर जारी
बसपा से राजनीतिक पारी की शुरुआत करने वाले राजपाल यादव भाजपा छोड़कर सपा में शामिल हो गए हैं। बसपा से सियासी सफर शुरू करने वाले पूर्व राज्यसभा सांसद और पूर्व मंत्री राजपाल सैनी एक बार फिर समाजवादी पार्टी का दामन थामने जा रहे हैं। 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) छोड़कर भाजपा में शामिल हुए राजपाल सैनी अब भाजपा को अलविदा कहकर सपा में वापसी की तैयारी में हैं। बेटे शिवान सैनी और समर्थकों के साथ शुक्रवार को लखनऊ पहुंचे और उनकी सपा प्रमुख अखिलेश यादव से बातचीत हुई। राजपाल सैनी की इस राजनीतिक वापसी को केवल दल बदलने के रूप में नहीं, बल्कि मुजफ्फरनगर की विधानसभा सीटों पर 2027 के चुनावी समीकरणों से जोड़कर देखा जा रहा है। वह खतौली या मीरापुर विधानसभा सीट से सपा से टिकट पाने के लिए दावेदारी पेश कर सकते हैं।
