सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा, उत्तर प्रदेश में भाजपा ने काम नहीं, लूट का बनाया रिकॉर्ड
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सड़कों को गड्ढामुक्त करने के अभियान में करोड़ों रुपये का भ्रष्टाचार होने की आशंका जताते हुए कहा कि भाजपा सरकार से जनता का भरोसा उठ चुका है।
लखनऊ, जेएनएन। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा पर घोटालों के नए-नए तरीके ईजाद करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि साढ़े तीन साल से उत्तर प्रदेश में विकास का काम रुका हुआ है। सरकार जनहित की एक भी योजना नहीं लागू कर सकी है। भाजपा ने काम का नहीं लूट का रिकार्ड बनाया है। अखिलेश यादव ने सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के अभियान में करोड़ों रुपये का भ्रष्टाचार होने की आशंका जताते हुए कहा कि भाजपा सरकार से जनता का भरोसा उठ चुका है।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने रविवार को बयान जारी कर सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के अभियान में करोड़ों रुपये का भ्रष्टाचार होने की आशंका भी जताई। उन्होंने कहा कि नीति, नीयत व नेतृत्व में पंगु राज्य की भाजपा सरकार से जनता का भरोसा उठ चुका है। दायित्व निर्वहन की जो इच्छा शक्ति होती है, उसकी भाजपा में दूर-दूर तक पहचान नहीं हो रही है। मुख्यमंत्री ने शपथ लेने के बाद बड़े-बड़े वादे किए थे। यह भी कहा था कि प्रदेश की सड़कों को गड्ढा मुक्त बनाएंगे। इस कार्य की अवधि बढ़ाते रहे लेकिन रिजल्ट कार्ड शून्य रहा है। वादे न निभाना और जनता को धोखे में रखना भाजपा की ऐसी कला है, जिसमें वह विशेषज्ञ है।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के नाम पर हजारों करोड़ रुपये लुटाए जा चुके हैं। लेकिन सड़कें वैसी ही टूटी-फूटी हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017-18 में 3793.80 करोड़, वर्ष 2018-19 में 3266.84 करोड़ तथा वर्ष 2020-21 में 2305.00 करोड़ रुपये का बजट पास हुआ है। लेकिन इसका उपयोग कहीं नहीं दिखता। ऐसे में बजट की धनराशि का बंदरबांट होने का अंदेशा अस्वाभाविक नहीं है। अखिलेश यादव ने यह भी कहा कि पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की शुरुआत समाजवादी सरकार ने की थी, भाजपा अभी तक इसका निर्माण पूरा नहीं कर पाई है।