Move to Jagran APP

सपा के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा- जनता का उत्पीड़न कर रही यूपी की भाजपा सरकार

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव नेकहा कि बुनकरों को पुराने बकाए के नाम पर आज भी प्रताड़ित किया जा रहा है। भाजपा अपने आरएसएस एजेंडा के तहत ऐसा कर रही है।

By Umesh TiwariEdited By: Published: Fri, 04 Sep 2020 09:15 PM (IST)Updated: Fri, 04 Sep 2020 09:21 PM (IST)
सपा के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा- जनता का उत्पीड़न कर रही यूपी की भाजपा सरकार
सपा के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा- जनता का उत्पीड़न कर रही यूपी की भाजपा सरकार

लखनऊ, जेएनएन। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में समाज के कमजोर वर्गों, किसानों, बुनकरों के प्रति भाजपा सरकार का रवैया उपेक्षा और संवेदनशून्यता का है। उन्होंने कहा कि जनहित पर ध्यान देने के बजाए भाजपा जनता के उत्पीड़न में ज्यादा रुचि लेती है। सत्ता में आए साढ़े तीन साल बीत गए, लेकिन जनता के कल्याण की एक भी योजना वह लागू नहीं कर पाई।

loksabha election banner

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को जारी बयान में कहा कि बुनकरों को पुराने बकाए के नाम पर आज भी प्रताड़ित किया जा रहा है। भाजपा अपने आरएसएस एजेंडा के तहत ऐसा कर रही है। अब तक एक यूनिट भी बिजली का उत्पादन न बढ़ाने वाली भाजपा सरकार को जनसामान्य को किसी न किसी तरह परेशान करने में विशेष आनंद आता है। जनता के साथ भाजपा सरकार ने स्मार्ट मीटर के नाम पर भी खेल किया। इसकी खरीद में तो घोटाला हुआ ही, इसकी गुणवत्ता पर भी संदेश है। मुख्यमंत्री भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टालरेंस की बात करते हैं पर स्मार्ट मीटर से स्पीड जम्पिंग के जरिए उपभोक्ताओं की खुली लूट पर रोक लगाने में किसी ने दिलचस्पी नहीं ली।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि इस समय कुछ नहीं तो पावर कारपोरेशन ने बिजली दरों में स्लैब परिवर्तन का ही इरादा कर लिया है। चार किलोवाट का बिजली का फिक्स चार्ज अब तक 330 रुपये प्रतिमाह था, भाजपा सरकार के इशारे पर पावर कारपोरेशन अब इसे 360 रुपये करने का प्रस्ताव ले आया है। यह उपभोक्ताओं के साथ धोखा है। सपा ने आर्थिक कठिनाइयों में गुजर रहे उपभोक्ताओं का छह माह का बिजली बिल माफ करने और किसानों के ट्यूबवेलों से सभी प्रकार के मीटर हटाकर पहले की तरह ही व्यवस्था बहाली की मांग की है। भाजपा राज में बिजली से कई मौतें हो रही है। भाजपा जनता को सिर्फ बदहाली, तबाही ही दे सकती है।

सपा ने घोषित किए महाराजगंज व कुशीनगर के जिलाध्यक्ष : समाजवादी पार्टी ने शुक्रवार को भी कई जिलों में नए पदाधिकारी घोषित किए। आमिर हुसैन को महाराजगंज और डॉ.मनोज यादव को कुशीनगर का नया जिलाध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा सपा व्यापार सभा के प्रदेश अध्यक्ष समेत कई पदाधिकारी घोषित किए गए हैं। सहारनपुर के संजय गर्ग सपा व्यापार सभा के प्रदेश अध्यक्ष बने हैं। संजय गर्ग वर्तमान में विधायक हैं। इसी तरह सपा व्यापार सभा में मुरादाबाद के राजीव सिंघल, वाराणसी के प्रदीप जायसवाल व झांसी के अजय सूद को प्रदेश उपाध्यक्ष और कानपुर के अभिमन्यु गुप्ता को महासचिव बनाया गया है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.