सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा- भाजपा सरकार में हर वर्ग असुरक्षित, भ्रष्टाचार व अनाचार अनियंत्रण
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में ऐसा नहीं लगता कि सरकार नाम की कोई संस्था भी है। प्रदेश में अत्याचार भ्रष्टाचार और अनाचार पर कहीं कोई नियंत्रण नहीं।
लखनऊ, जेएनएन। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में ऐसा नहीं लगता कि सरकार नाम की कोई संस्था भी है। सर्वजन विरोधी भाजपा सरकार में किसान, दलित, सवर्ण, पिछड़े, अल्पसंख्यक, नौजवान और पत्रकार में से कोई सुरक्षित नहीं है। सुरक्षित है तो सिर्फ सत्ताधीशों का विशेष वर्ग, जिसे न कानून की परवाह है और न ही लोकलाज की। प्रदेश में अत्याचार, भ्रष्टाचार और अनाचार पर कहीं कोई नियंत्रण नहीं।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को जारी बयान में कहा कि जौनपुर में पुलिस की मौजूदगी में दबंगों ने दलितों पर गोलियां बरसाईं। लाठी-डंडों से पीटा। कासगंज में दबंगों ने दुष्कर्मा किया और पुलिस ने पीड़िता के परिवारीजन का ही उत्पीड़न किया। गाजियाबाद में सोमवार रात पत्रकार पर बदमाशों ने हमला किया। दो दिन पहले उन्होंने अपने ऊपर हमले की आशंका जताते हुए पुलिस से शिकायत की थी, लेकिन पुलिस निष्क्रिय बनी रही।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में कोरोना महामारी के प्रति भी राज्य की भाजपा सरकार गंभीर नहीं है। संकट के इस समय में भी 20 दिन से ज्यादा हो गए, लेकिन स्वास्थ्य महानिदेशक का पद खाली है। सरकार एक योग्य महानिदेशक का चयन तक नहीं कर सकी है। जब विभाग में मुखिया ही नहीं है तो कामकाज कैसे चुस्त-दुरुस्त होगा? अखिलेश ने कहा कि कोरोना के बढ़ते संक्रमण के बीच लोगों की मदद के बजाय भाजपाई शराब की तस्करी में व्यस्त हो गए हैं। कानपुर, वाराणसी व गोरखपुर के बाद किशनी में अवैध शराब का धंधा करते भाजपा का सेक्टर संयोजक पकड़ा गया। सत्ता के संरक्षण में शराब तस्करी, अवैध खनन और दूसरे अपराध खूब पनप रहे हैं।