Move to Jagran APP

अखिलेश यादव का दावा- इस बार उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में 350 सीटें जीतेगी समाजवादी पार्टी

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में धांधली का आरोप लगाते हुए दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी 350 सीटें जीतेगी। सरकार ने सत्ता के बल पर पंचायत अध्यक्षों के चुनाव में धांधली करने में हद पार कर दी है।

By Umesh TiwariEdited By: Published: Mon, 28 Jun 2021 07:07 PM (IST)Updated: Mon, 28 Jun 2021 07:20 PM (IST)
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में धांधली का आरोप लगाया है।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में धांधली का आरोप लगाते हुए दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी 350 सीटें जीतेगी। उन्होंने कहा कि सरकार ने सत्ता के बल पर जिला पंचायत अध्यक्षों के चुनाव में धांधली करने में हद पार कर दी है। सरकार के अलोकतांत्रिक आचरण से संवैधानिक संस्थाओं के लिए भी खतरा पैदा हो गया है।

loksabha election banner

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि जिला पंचायत सदस्यों के चुनाव में अपनी हार को जबरन छल कपट से जीत में बदलकर मुख्यमंत्री योगी और भाजपा फौरी तौर पर भले ही अपनी वाहवाही करा लें, मगर अगले साल के शुरू में प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव में उन्हें मुंह की खानी पड़ेगी। सपा आगामी चुनाव में विधानसभा की 350 सीटें जीतकर आएगी। भाजपा चंद सीटों पर सिमटकर विपक्ष में बैठने को मजबूर होगी।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि प्रदेश के कई जिलों में भाजपा नेताओं ने प्रशासन के सहयोग से जनादेश का अपहरण करते हुए समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों और प्रस्तावकों को नामांकन करने से बलपूर्वक रोका है। समाजवादी पार्टी के नेताओं पर फर्जी मुकदमें लगाकर प्रताड़ित किया जा रहा है। दुख इस बात का है कि चुनाव प्रक्रिया को बाधित करने वालों पर अधिकारी अंकुश लगाने के बजाय मूकदर्शक बने रहे। निर्वाचन आयोग भी असहाय बना रहा और राजभवन ने भी मौन धारण कर रखा है।

भाजपा ने बलरामपुर में जबरन अपनी जीत दर्ज कराने के लिए समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी को नजरबंद कर नामांकन पत्र छीन लिया। लोकतंत्र का गला घोंटते हुए ललितपुर में भी जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी को नामांकन नहीं करने दिया गया। गोरखपुर में भाजपा के अवांछित तत्वों ने कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट पर कब्जा कर लिया। नामांकन कक्ष जाने वाले हर प्वाइंट पर भाजपाई पहरा देते रहे। मुख्यमंत्री के गृह जनपद में इस तरह का अनैतिक आचरण होना शर्मनाक है। झांसी में पार्टी के प्रत्याशी को नामांकन से रोका गया। वाराणसी में सत्ता के बल पर समाजवादी प्रत्याशी का पर्चा खारिज कर दिया गया।

व्यापार जगत के लोग आपराधिक उत्पीड़न के शिकार : आगरा में कोल्ड स्टोरेज मालिक के बेटे की अपहरण के बाद हत्या की वारदात पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहन संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि घटना से उत्तर प्रदेश की जनता स्तब्ध है। संवेदनहीन भाजपा के राज में परिवारवालों का दुख-दर्द समझने वाला कोई नहीं है। उत्तर प्रदेश में व्यापार जगत के लोग आर्थिक के साथ ही आपराधिक उत्पीड़न के भी शिकार हैं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.