Move to Jagran APP

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव का दावा- भाजपा सरकार से हर वर्ग नाराज, 2022 में सत्ता से बेदखल होना तय

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में रविवार एक तरफ किसानों की और दूसरी तरफ पूर्वी उत्तर प्रदेश में शिक्षकों व आम जनता की अभूतपूर्व एकजुटता ने दिखा दिया है कि भाजपा की दमनकारी विभाजनकारी दंभी सत्ता अब कभी वापस नहीं आएगी।

By Umesh TiwariEdited By: Published: Mon, 06 Sep 2021 12:26 PM (IST)Updated: Mon, 06 Sep 2021 12:30 PM (IST)
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव का दावा- भाजपा सरकार से हर वर्ग नाराज, 2022 में सत्ता से बेदखल होना तय
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव।

लखनऊ, जेएनएन। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर लगातार हमलावर हैं। उन्होंने दावा किया है कि भाजपा सरकार से हर वर्ग नाराज है। अब भाजपा का सत्ता से बेदखल होना तय है। सोमवार को ट्वीट कर अखिलेश ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में रविवार एक तरफ किसानों की और दूसरी तरफ पूर्वी उत्तर प्रदेश में शिक्षकों व आम जनता की अभूतपूर्व एकजुटता ने दिखा दिया है कि भाजपा की दमनकारी, विभाजनकारी, दंभी सत्ता अब कभी वापस नहीं आएगी। ये भाजपा के कहर के खिलाफ जनमत की लहर है।

loksabha election banner

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि मुजफ्फरनगर में लाखों किसान भाजपा के खिलाफ हुंकार भर रहे हैं तो भदोही में शिक्षक, बुनकर, नौजवान बहुत बड़ी तादाद में एकत्र हैं। यह परिवर्तन की आवाज है। भाजपा का सत्ता से बेदखल होना तय है। समाजवादी पार्टी की वर्ष 2022 के चुनावों में बहुमत से जीत होगी। समाजवादी सरकार बनने पर किसानों और बुनकरों को बिजली की सुविधा मिलेगी। नौजवानों के रोजगार का इंतजाम होगा।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार से किसान-नौजवान-शिक्षक हर वर्ग नाराज हैं। कोरोना के समय सरकार ने जनता को अनाथ छोड़ दिया। लोगों को खुद दवा, आक्सीजन का इंतजाम करना पड़ा। अस्पतालों में बेड नहीं मिला। आक्सीजन की कमी से बड़ी संख्या में लोग मौत के मुंह में चले गए। इसके लिए भाजपा सरकार जिम्मेदार है। कोरोना काल में जो हालत रही उससे देश का पूरी दुनिया में अपमान हुआ। कोरोना के समय समाजवादी सरकार में बनाये गए अस्पताल ही काम आए।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि आज किसानों का अधिकार छीना जा रहा है। नए कृषि कानून लागू होने के बाद किसानों की खेती छिन जाएगी। भाजपा ने सरकार में आने पर किसानों की आय दोगना करने का वादा किया था लेकिन किसान की आय दुगनी होने की जगह कम हो गई। डीजल, पेट्रोल की कीमतें बढ़ गई। महंगाई दोगनी हो गई। रसोई गैस सिलेंडर के दाम बढ़ गए हैं। भाजपा सरकार ने प्रदेश में एक यूनिट नई बिजली नहीं बनाई, लेकिन बिजली का बिल महंगा हो गया। आम जनता को बढ़कर बिजली का बिल आता है।

अखिलेश यादव ने कहा कि इस सरकार ने विकास को रोक दिया है। मुख्यमंत्री जी ने केवल शिलान्यास का शिलान्यास और उद्घाटन का उद्घाटन किया है। अपने पूरे कार्यकाल में उन्होंने एक भी अस्पताल ऐसा नहीं है जिसका शिलान्यास और उद्घाटन दोनों किया हो। कहा कि भाजपा सरकार राष्ट्र की सम्पत्ति बेच रही है। सरकार की नीति ऐसी है, जिसके पास पैसा हो वह रेल, एयरपोर्ट, बीमा, बैंक, पोर्ट, सब खरीद सकता है। महंगाई, बेरोजगारी बढ़ गई है। लोगों की जेब में पैसा नहीं है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.