अयोध्या कारसेवक गोलीकांड पर सपा सांसदों ने मुलायम सिंह का किया बचाव, बोले- संविधान की रक्षा के लिए लिया था फैसला
सपा के तीन सांसदों ने अयोध्या में 1990 के कारसेवक गोलीकांड पर तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के फैसले का बचाव किया है।

सनातन पांडेय, रामाशंकर राजभर विद्यार्थी और जियाउर्रहमान बर्क
HighLights
सपा सांसदों ने 1990 के कारसेवक गोलीकांड पर मुलायम का बचाव किया।
मुलायम ने संविधान के तहत कानून-व्यवस्था बनाए रखने का दायित्व निभाया।
भाजपा सपा से 1990 के गोलीकांड पर माफी मांगने की मांग कर रही।
जागरण टीम, लखनऊ। अयोध्या में 1990 में कारसेवकों पर हुई पुलिस फायरिंग को लेकर समाजवादी पार्टी के तीन सांसदों सनातन पांडेय, रामाशंकर राजभर विद्यार्थी और जियाउर्रहमान बर्क ने तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के फैसले का बचाव किया है।
सांसदों ने कहा कि मुलायम ने संविधान के तहत अपनी जिम्मेदारी निभाई थी। उस समय कानून-व्यवस्था और संवैधानिक व्यवस्था बनाए रखना तत्कालीन सरकार का दायित्व था। बलिया, सलेमपुर और संभल के सपा सांसदों का यह बयान ऐसे समय आया है, जब पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के 12 दिसंबर को परिवार के साथ अयोध्या स्थित राम मंदिर जाने की बात की जा रही है।
भाजपा नेता सपा से 1990 के गोलीकांड और राम मंदिर आंदोलन को लेकर रुख पर माफी मांगने की मांग कर रहे हैं। सोमवार को सांसद सनातन पांडेय ने बलिया में पत्रकारों से कहा कि मुलायम सिंह ने मुख्यमंत्री रहते हुए संविधान में जताए गए विश्वास को मजबूत करने के लिए कार्रवाई की थी।
आरोप लगाया कि भाजपा, आरएसएस और विहिप से जुड़े लोगों ने विवादित ढांचे के गुंबद पर चढ़कर तोड़फोड़ की थी। ऐसे में तत्कालीन मुख्यमंत्री के लिए संवैधानिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए कदम उठाना जरूरी था। सलेमपुर से सांसद रामाशंकर राजभर विद्यार्थी ने कहा कि यदि मुलायम ने कोई गलत या असंवैधानिक काम किया था, तो भाजपा को सत्ता में आने के बाद उनके खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए थी।
बाबरी मस्जिद को शहीद करने से रोकने के लिए पुलिस ने मजबूरन गोली चलाई: बर्क
उन्होंने सवाल उठाया कि मुलायम सिंह यादव को वर्ष 2022 में मरणोपरांत पद्म विभूषण क्यों दिया गया? उन्होंने राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा की नियुक्ति पर भी सवाल उठाए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान पर राजभर ने कहा कि कोई राजनीतिक नेता व्यक्तिगत रूप से गोली चलाने का आदेश नहीं देता, बल्कि निर्देश जारी किए जाते हैं और अधिकारी उन्हें लागू करते हैं।
संभल से सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने भी पुलिस कार्रवाई को सही ठहराते हुए कहा- ‘बाबरी मस्जिद को शहीद करने से रोकने के लिए पुलिस ने मजबूरन गोली चलाई थी।’ यदि किसी मंदिर पर मुस्लिम समाज के लोग अतिक्रमण करते तो पुलिस क्या करती? कानून सबके लिए बराबर है। उन्होंने पुलिस कार्रवाई को भी इसी आधार पर उचित ठहराया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।