UP MLC चुनाव में सपा का जोरदार दांव, अभी तक तीन सीटों पर जमाया कब्जा; इलाहाबाद-झांसी में डॉ. मानसिंह यादव की शानदार जीत
उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनाव 2026 में सपा ने तीन सीटों पर जीत दर्ज की है, जिसमें वाराणसी शिक्षक, आगरा ...और पढ़ें

HighLights
सपा ने यूपी एमएलसी चुनाव में तीन सीटें जीतीं।
वाराणसी शिक्षक सीट पर लाल बिहारी यादव की जीत।
आगरा और इलाहाबाद-झांसी स्नातक सीट भी सपा के नाम।
अभिनव त्रिपाठी, लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधान परिषद 2026 के नतीजे आने शुरू हो गए हैं, अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले दिग्गजों की निगाहें इसपर टिकी है। प्रदेश की 11 विधान परिषद सीटों के लिए हुई मतगणना में अभी तक सपा के खाते में 3 सीटें गई हैं जबकि 5 सीटों पर भाजपा ने जीत हासिल की है, बाकि सीटों पर मतगणना चल रही है।
वाराणसी खंड शिक्षक सीट पर सपा की जीत
विधान परिषद की वाराणसी खंड शिक्षक सीट पर दिग्गजों की निगाहें थी, इस सीट पर सपा ने बाजी मारी है। यहां से सपा के लाल बिहारी यादव ने दूसरी बार जीत हासिल की, उन्होंनें भाजपा के निकटतम प्रतिद्वंद्वी डा. प्रमोद मिश्रा को 5015 मतों हराया है। डॉ. प्रमोद मिश्रा को कुल 6597 मत मिले। जबकि लाल बिहारी को 11612 मत प्राप्त हुए।
शिक्षक एमएलसी प्रत्याशी लाल बिहारी यादव प्रथम वरीयता का परिणाम आने के बाद जैसे ही मतगणना स्थल से चलकर पहाड़ियां मंडी के मुख्य द्वार से बाहर निकले, तभी बड़ी संख्या में समर्थक उन्हें माला पहनाने लगे और जीत का खुशी जाहिर करते हुए नारेबाजी करने लगे। फिर उन्होंने समर्थकों को शांत कराया, इसके बाद ये भी कहा कि सीएम के आने का भी कोई असर नहीं हुआ।
आगरा शिक्षक सीट से सपा की जीत
आगरा शिक्षक सीट से सपा प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल ने जीत हासिल की है। एमएलसी शिक्षक चुनाव में सपा प्रत्याशी डॉक्टर आकाश अग्रवाल दूसरी बार विजेता बने हैं। उन्होंने चुनावी मैदान में भाजपा प्रत्याशी हरि किशोर तिवारी को हराया। चुनाव के दंगल में सपा का अंतिम समय पर चला गया दाव सही बैठा।
सपा ने अंतिम समय में प्रत्याशी बदलते हुए एमएलसी डॉ. आकाश अग्रवाल को अपना प्रत्याशी बनाया था। पिछले चुनाव में निर्दलीय लड़ने पर भी विजयी रहे आकाश को शुरू से ही मजबूत माना जा रहा था। हालांकि सियासी गलियारों में हरि किशोर तिवारी की भी काफी चर्चा हो रही थी।
इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन में सपा की जीत
इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन-2026 में सपा ने जीत हासिल की है। सपा प्रत्याशी डॉ. मानसिंह यादव को 60,358 वोट मिले और उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी अशोक कुमार राठौर को 27,663 मतों के अंतर से पराजित किया। जबकि अशोक कुमार राठौर को 32,695 वोट मिले।
झांसी-इलाहाबाद स्नातक खंड चुनाव में सपा प्रत्याशी डॉ. मानसिंह यादव की जीत से समर्थकों में उत्साह है। समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मनाया। समर्थकों ने एक-दूसरे को बधाई दी। सपा समर्थकों का कहना है कि डॉ. मानसिंह यादव की जीत स्नातक मतदाताओं की आवाज को मजबूती देगी।
अन्य तीन सीटों पर परिणाम का इंतजार है, जीत की घोषणा होने के बाद अपडेट दिया जाएगा।
