विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अगस्त में सौमित्र विहार आवासीय योजना शुरू करेगा परिषद; यूपी रेरा में रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया इसी माह पूरी होने की उम्मीद

Published: Thu, 09 Jul 2026 11:07 PM (IST)

उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद की सौमित्र विहार आवासीय योजना अगस्त में शुरू होगी, जिसके लिए यूपी रेरा में पंजीकरण प्रक्रिया अंतिम चरण में है। यह योजना मोहनलालगंज में 2092 भूखंडों के साथ लैंड पूलिंग मॉडल पर आधारित है, साथ ही आवासीय योजनाओं में होटल खोलने की अनुमति भी दी गई है।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

HighLights

  1. सौमित्र विहार योजना अगस्त में भूखंडों की बुकिंग शुरू।

  2. लैंड पूलिंग मॉडल पर आधारित प्रदेश की पहली टाउनशिप।

  3. आवासीय योजनाओं में अब होटल खोलने की भी अनुमति।

जागरण संवाददाता, लखनऊ। उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद की बहुप्रतीक्षित सौमित्र विहार आवासीय योजना अगस्त में शुरू करने की तैयारी है। योजना के पंजीकरण की प्रक्रिया यूपी रेरा में चल रही है, जो इसी माह पूरा होते ही आम लोगों के लिए भूखंडों की बुकिंग शुरू कराई जाएगी। इस योजना में 2092 भूखंड होंगे और भूमि का मूल्य 25 से 26 हजार रुपये प्रति वर्ग मीटर होने का अनुमान है।

मोहनलालगंज की नई जेल रोड पर प्रस्तावित सौमित्र विहार योजना पर कई साल से लंबित है। सात मार्च 2025 की निदेशक मंडल की बैठक में मोहनलालगंज नई जेल रोड टाउनशिप का नाम सौमित्र विहार योजना रखने पर बोर्ड ने मुहर लगाया था।

अपर आवास आयुक्त व सचिव डा. नीरज शुक्ल ने बताया, आवासीय योजना के लिए जमीन देने वाले किसानों को लाटरी से विकसित भूखंड आवंटित हो चुके हैं। अब यूपी रेरा में पंजीकरण कराने की प्रक्रिया चल रही है। इसी माह यह पूरा होने पर अगस्त में इसका पंजीकरण आम लोगों के लिए खोलने की तैयारी है। परिषद की बोर्ड बैठक में कुल 26 प्रस्ताव रखे गए, इनमें से 19 प्रस्ताव पास हुए हैं।

योजना की खास बातें

सौमित्र विहार प्रदेश की पहली ऐसी टाउनशिप होगी, जिसमें लैंड पूलिंग योजना यानि किसानों की सहमति से भूमि ली गई। पायलट प्रोजेक्ट के तहत योजना 87.271 हेक्टेयर में प्रस्तावित है, उसमें से अधिकांश भूमि आवास विकास परिषद को मिल चुकी है। योजना में 5000 से अधिक भूखंड होंगे, जो 80 से 300 वर्ग मीटर तक के होंगे। पहले चरण में 2092 भूखंडों की बिक्री शुरू होगी।

भूखंड का प्रकार क्षेत्रफल (वर्ग मीटर में) संख्या
आवासीय भूखंड
आवासीय 300 161
आवासीय 200 579
आवासीय 122.23 445
आवासीय 75 598
आवासीय 60.29 229
आवासीय 40.74 80
कमर्शियल भूखंड
कमर्शियल 1375 05
कमर्शियल 200 57
कमर्शियल 100 107

अवध विहार योजना में पूरी होगी 45 मीटर अधूरी सड़क

अवध विहार योजना में 45 मीटर सड़क वर्षों से अधूरी पड़ी है। पहले भूमि को सीलिंग की बताया जा रहा था, बाद में यह काश्तकारों की निकली। अब 2000 वर्ग मीटर लैंड पूलिंग से जमीन लेने के लिए बोर्ड ने अनुमति दिया है। इसकी प्रक्रिया जल्द शुरू करके सड़क पूरी कराई जाएगी।

न्यायाधीशों के भी बनेंगे आवास

अवध विहार योजना में ही अधूरी सड़क के पास ही न्यायाधीशों का आवास बनाने का कार्य भी शुरू होगा। इस सड़क की वजह से आवास निर्माण भी रुका हुआ है।

अब आवासीय योजनाओं में खुल सकेंगे होटल

प्रदेश सरकार ने पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए भवन उपविधि में संशोधन करके आवासीय भूखंडों व क्षेत्रों में होटल खोलना आसान कर दिया है। नए नियमों के तहत, न्यूनतम छह कमरों वाले होटल बिना किसी न्यूनतम भूमि क्षेत्र की बाध्यता के बनाए जा सकते हैं, बशर्ते वे अन्य सुरक्षा मानकों का पालन करते हों।

ऐसे ही 20 कमरों तक के होटल आवासीय क्षेत्रों की कम से कम नौ मीटर चौड़ी सड़क पर बनाए जा सकते हैं। 20 से अधिक कमरों वाले होटलों के लिए न्यूनतम भूमि क्षेत्र की आवश्यकता को घटाकर 500 वर्ग मीटर कर दिया गया है, ताकि होमस्टे को बढ़ावा दिया जा सके। आवास विकास परिषद ने इस नियम को लागू कर दिया है। अब परिषद की आवासीय योजनाओं में होटल खोले जा सकेंगे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।