विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वाहन पर सफेद कुर्ते में मुस्कुराती हुई प्रतीक की फोटो ने अंतिम यात्रा पर सबको रुलाया, बैकुंठ धाम में अंतिम संस्कार

By Digital Desk Edited By: Dharmendra Pandey
Published: Thu, 14 May 2026 01:04 PM (IST)

Last Journey of Prateek Yadav: सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव भी बैकुंठ धाम पहुंचे, जहां पर गुरुवार को प्रतीक यादव का अंतिम संस्कार किया गया।

HighLights

  1. वाहन को फूलों से सजाया गया और प्रतीक की स्ट्रीट डॉग्स के साथ बड़ी सी तस्वीर लगाई गई

  2. अखिलेश यादव, डिंपल और शिवपाल सिंह यादव ने दी अंतिम श्रद्धांजलि

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। समाजवादी पार्टी के संस्थापक स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के छोटे पुत्र 38 वर्षीय प्रतीक यादव का बुधवार सुबह लखनऊ में उनके आवास पर ही निधन हो गया था। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव भी बैकुंठ धाम पहुंचे, जहां पर गुरुवार को प्रतीक यादव का अंतिम संस्कार किया गया। अखिलेश यादव के बेटे अर्जुन यादव के साथ रिश्तेदार, दोस्त और समाजवादी पार्टी के तमाम नेता और कार्यकर्ता अंतिम संस्कार के दौरान मौजूद थे।

बेहद शांत, सौम्य और शालीन स्वभाव के प्रतीक यादव की अंतिम यात्रा के लिए तैयार वाहन में उनकी सफेद कुर्ते में मुस्कुराती हुई फोटो सबको रुला रही थी। उनके वाहन को फूलों से सजाया गया और प्रतीक की स्ट्रीट डॉग्स के साथ बड़ी सी तस्वीर लगाई गई।

फोटो स्ट्रीट डॉग्स के लिए उनकी फिक्र और उनके सामाजिक सरोकार की याद दिला रही थी। इस फोटो में गाय, बंदर, हाथी और हिरन भी थे। विख्यात यादव परिवार से होने के बावजूद प्रतीक को राजनीति पसंद नहीं थी। प्रतीक का रियल एस्टेट और फिटनेस का बिजनेस था। प्रतीक ने ब्रिटेन की लीड्स यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की थी। उन्हें महंगी कारों का शौक था।

प्रतीक यादव का अंतिम सफर विक्रमादित्य मार्ग से उनके आवास से शुरु होकर कुछ पल के लिए समादवादी पार्टी के कार्यालय पर थमा। जहां हजारों की संख्या में लोगों ने उनका अंतिम दर्शन किया। वाहन पर बदायूं से सांसद शिवपाल सिंह यादव के बेटे आदित्य यादव और परिवार के अन्य सदस्य थे।

बैकुंठ धाम तक प्रतीक यादव की अंतिम यात्रा में उनके हजारों समर्थक पहुंचे। नम आंखों से सभी ने प्रतीक को याद किया। बैकुंठ धाम में प्रतीक यादव के रिश्तेदार और दोस्त-यार पहुंचे।  बैकुंठ धाम के प्लेटफॉर्म नंबर पांच पर प्रतीक यादव का अंतिम संस्कार किया गया। यहां प्रशासन की ओर से साफ-सफाई कराई गई और चिता वाली जगह पर ईंटें जोड़कर प्लेटफॉर्म बनवा गया।

अपर्णा यादव ने किया पोस्ट

अपर्णा यादव ने अपने पोस्ट में परिवार के लिए इस समय को बेहद दुखद बताया है। उन्होंने सभी से अंतिम संस्कार में गरिमामयी उपस्थिति की प्रार्थना की है।

अखिलेश यादव को कमरे में ले गईं अपर्णा

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव गुरुवार को प्रतीक को अंतिम श्रद्धांजलि देने पहुंते, तभी प्रतीक यादव की पत्नी अपर्णा अपनी बच्चियों के साथ आगे आईं और भीड़ से अलग अखिलेश को कमरे में लेकर चली गईं।

यह भी पढ़ें- बदला गया प्रतीक यादव के अंतिम संस्कार का समय और स्थान, लखनऊ में परिवार ने किया मंथन

अखिलेश ही परिवार के मुखिया हैं। अखिलेश यादव के साथ उनके पुत्र अर्जुन यादव भी आज प्रतीक यादव का दर्शन करने पहुंचे थे। प्रतीक के विवाह में अर्जुन ही सहबाला बने थे।

यह भी पढ़ें- कार्डियक अरेस्ट से हुई प्रतीक यादव की मौत, KGMU की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा