विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बदला गया प्रतीक यादव के अंतिम संस्कार का समय और स्थान, लखनऊ में परिवार ने किया मंथन

By Digital Desk Edited By: Dharmendra Pandey
Published: Wed, 13 May 2026 08:07 PM (IST)

Prateek Yadav: मुलायम सिंह परिवार से भाजपा में जाने वाली अपर्णा अकेली सदस्य हैं।

मुलायम सिंह यादव के दूसरे पुत्र प्रतीक यादव व अपर्णा यादव

 मुलायम सिंह यादव के दूसरे पुत्र प्रतीक यादव व अपर्णा यादव

HighLights

  1. पिपराघाट पर नहीं होगा प्रतीक यादव का अंतिम संस्कार

  2. कार्डियक अरेस्ट से हुई 38 वर्षीय प्रतीक यादव की मौत

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के दूसरे पुत्र प्रतीक यादव का बुधवार को सुबह निधन हो गया। 38 वर्षीय प्रतीक की मौत का कारण कार्डियक अरेस्ट है। उनके अंतिम संस्कार का समय और स्थान भी तय हो गया है।

उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष भाजपा नेता उनकी पत्नी अपर्णा यादव के असम दौरे से लौटने के बाद प्रतीक यादव के अंतिम संस्कार का समय और स्थान तय किया गया। प्रतीक यादव का अंतिम संस्कार गुरुवार को पहले पिपराघाट पर दिन में 2.30 बजे से होना था। अब अंतिम संस्कार गुरुवार को दिन में 11 बजे बैकुंठ धाम पर किया जाएगा। प्रतीक की मां साधना गुप्ता का अंतिम संस्कार पिपरा घाट पर किया गया था।

प्रतीक यादव मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे और अखिलेश यादव के सौतेले भाई। प्रतीक ने ब्रिटेन की लीड्स यूनिवर्सिटी से डिग्री हासिल की थी। प्रतीक ने कभी राजनीति में रुचि नहीं दिखाई।

उनकी पत्नी अपर्णा ने वर्ष 2017 में समाजवादी पार्टी के टिकट पर लखनऊ में विधानसभा चुनाव लड़ा और हार गई थीं। इसके बाद 19 जनवरी 2022 में वह भाजपा में शामिल हुईं, परंतु उनको विधानसभा चुनाव का टिकट नहीं मिल सका था। बाद में उनको महिला आयोग की उपाध्यक्ष बनाया गया। मुलायम सिंह परिवार से भाजपा में जाने वाली अपर्णा अकेली सदस्य हैं।

प्रतीक ने अपने फिटनेस के शौक को आगे बढ़ाया। वह लखनऊ में ‘द फिटनेस प्लानेट’ नाम से जिम चलाते थे। इंटरनेट मीडिया पर भी वह अपनी फिटनेस और लाइफ स्टाइल को लेकर अक्सर चर्चा में रहते थे। प्रतीक को महंगी गाड़ियों का भी शौक था। वह लैम्बोर्गिनी गाड़ी पर कभी-कभार तेज रफ्तार में चलने को लेकर भी चर्चाओं में रहे थे। उन्हें पशु प्रेमी के तौर पर भी जाना जाता था और वे जीव आश्रय नामक संस्था का भी संचालन करते थे।

प्रतीक और अपर्णा बर्थडे पार्टी में पहली बार मिले थे। इसके बाद प्रतीक ने अर्पणा से उनका ईमेल एड्रेस मांगा था और दोनों की मुलाकातें शुरू हुई थीं। अपर्णा का परिवार मूल रूप से उत्तराखंड का रहने वाला है, उनके पिता अरविंद सिंह बिष्ट उप्र के राज्य सूचना आयुक्त रह चुके हैं, जबकि मां अम्बी बिष्ट लखनऊ विकास प्राधिकरण में संपत्ति अधिकारी रहीं हैं। चार दिसंबर 2011 को प्रतीक और अपर्णा की सैफई में एक भव्य समारोह में शादी हुई थी।

यह भी पढ़ें- कार्डियक अरेस्ट से हुई प्रतीक यादव की मौत, KGMU की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा

बहुत सोशल व्यक्ति नहीं थे प्रतीक 

प्रतीक यादव की अपनी एक अलग दुनिया थी। वो बहुत सोशल यानी सामाजिक व्यक्ति नहीं थे। बड़े राजनातिक परिवार से होने के कारण वो शानदार जीवन जीना पसंद करते थे। इसके साथ ही इस शानदार जीवन को प्रदर्शित करने का भी उनको शौक था।

यह भी पढ़ें- सोशल मीडिया पर बेहद सक्रिय रहने वाले Prateek Yadav ने तीन अप्रैल को इंस्टाग्राम अकाउंट पर किया था पोस्ट, इंजन दहाड़ रहा

पहले तो अक्सर प्रतीक यादव लखनऊ की सबसे भव्य सड़क लोहिया पथ पर अक्सर अपनी करोड़ों की लैंबॉर्गिनी के साथ फर्राटा भरते हुए दिखाई देते थे। इसको वो फेसबुक पर लाइव भी करते थे। इसके साथ ही उनको जिम से प्यार हो गया।

यह भी पढ़ें- लखनऊ के मेदांता अस्पताल में चल रहा था Prateek Yadav का इलाज, हाई ब्लड प्रेशर और हाइपरटेंशन जैसी बीमारियों से पीड़ित