उत्तर प्रदेश में अब क्यूआर कोड और चिप वाली मिलेगी स्मार्ट आरसी , 1 अगस्त से होगी शुरुआत
उत्तर प्रदेश में 1 अगस्त से वाहनों के लिए पेपर आरसी की जगह क्यूआर कोड और चिप वाली स्मार्ट कार्ड आरसी जारी की जाएगी।

1 अगस्त से चिप वाली आरसी मिलेगी। (तस्वीर- फाइल)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। प्रदेश में एक अगस्त से वाहनों की पेपर रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (आरसी) की जगह क्यूआर कोड और चिप से लैस स्मार्ट कार्ड आरसी जारी की जाएगी। परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह के निर्देश पर परिवहन विभाग ने इसकी तैयारियां शुरू कर दी हैं।
अभी तक प्रदेश में वाहनों की पेपर आरसी जारी की जाती थी, लेकिन अब इसकी जगह स्मार्ट कार्ड आरसी लागू की जा रही है। इस स्मार्ट कार्ड में इलेक्ट्रानिक चिप और क्यूआर कोड होगा, जिससे वाहन संबंधी जानकारी अधिक सुरक्षित और आसानी से सत्यापित की जा सकेगी।
स्मार्ट कार्ड आरसी प्राप्त करने के लिए वाहन स्वामी को संबंधित पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। इसके साथ भारत सरकार द्वारा समय-समय पर निर्धारित न्यूनतम शुल्क जमा करना होगा।
मंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश लाजिस्टिक्स कार्पोरेशन लिमिटेड (यूपीएलसी) जेम पोर्टल के माध्यम से 10 दिनों के भीतर निविदा (बिडिंग) की प्रक्रिया पूरी करेगा। इसके बाद सबसे उपयुक्त वेंडर का चयन कर योजना का ट्रायल कराया जाएगा।
पूरी प्रक्रिया 15 दिनों के भीतर पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है। विभाग 25 जुलाई तक सभी आवश्यक उपकरण और तकनीकी व्यवस्थाएं स्थापित कर देगा, ताकि एक अगस्त से पूरे प्रदेश में स्मार्ट कार्ड आरसी जारी करने की व्यवस्था शुरू की जा सके।
