विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

डिजिटल जनगणना में तकनीकी पेंच, स्वगणना के लिए भारी उत्साह; पर धीमे इंटरनेट और पोर्टल की खामियों ने रोकी रफ्तार

Published: Tue, 17 Nov 2026 09:30 PM (GMT+05:30)

जनगणना की स्वगणना प्रक्रिया के प्रति लोगों में उत्साह है, लेकिन धीमे इंटरनेट और सर्वर संबंधी दिक्कतें इसे प्रभावित कर रही हैं।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. धीमे इंटरनेट और सर्वर से स्वगणना में बाधा।

  2. ओटीपी, पोर्टल और मैपिंग में लोगों को दिक्कतें।

  3. ग्रामीण क्षेत्रों में तकनीकी समस्याएँ अधिक गंभीर।

जागरण टीम, लखनऊ। जनगणना की दूसरे चरण की सोमवार से शुरू हुई प्रक्रिया के प्रति लोगों में जबर्दस्त उत्साह है लेकिन स्वगणना में आ रही कई तरह की दिक्कतें इसी फीका कर रही हैं। सबसे ज्यादा दिक्कत इंटरनेट कनेक्टिविटी को लेकर है। सर्वर डाउन हो जा रहा है और लोगों को जानकारियां भरने में परेशानी हो रही है। किसी को मोबाइल पर ओटीपी आने का इंतजार करना पड़ रहा तो कोई पोर्टल खुलने और आगे बढ़ने की समस्या से जूझ रहा। मकान की लोकेशन चिह्नित करने में भी लोग उलझे। कई जगह लोग अधूरी जानकारी भरकर ही छोड़ दे रहे हैं। हालांकि, सोमवार की तुलना में मंगलवार को समस्याएं कुछ हद तक दूर हुईं और स्वगणना के आंकड़े भी बढ़े।

गोरखपुर में पहले दिन दोपहर तीन बजे तक 147 परिवारों ने ही स्वगणना पूरी की, जबकि करीब एक हजार लोगों ने पोर्टल पर जानकारी दर्ज करने के लिए कोशिश की थी। तकनीकी जानकारी नहीं होने के कारण कई लोगों को परिवार के सदस्यों या परिचितों की मदद लेनी पड़ी। कुछ लोग परेशान होकर बीच में ही प्रक्रिया छोड़ बैठे। कानपुर, बुंदेलखंड और आसपास के जिलों में 27 हजार से अधिक लोग आनलाइन फार्म भर चुके हैं लेकिन सर्वर धीमा होने के कारण यहां भी दिक्कत है। ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक समस्या आ रही है। कुछ जगह मैपिंग में संबंधित मोहल्ले नहीं मिल पा रहे हैं। मुरादाबाद, रामपुर, अमरोहा और संभल में करीब 13,400 आनलाइन फार्म भरे जा चुके हैं।

प्रयागराज में मंगलवार को शाम चार बजे तक स्वगणना करने वालों की संख्या 7600 के पार पहुंच गई। हालांकि, यह संख्या और भी अधिक हो सकती थी, लेकिन स्वगणना के पोर्टल ने साथ ही नहीं दिया। वाराणसी में स्वगणना के शुरुआती दो दिनों में कुल 995 लोगों ने आनलाइन अपनी गणना की है। जनगणना विभाग के अनुसार, सर्वर सुचारु रूप से काम कर रहा है और लोगों को स्वगणना करने में किसी तरह की परेशानी नहीं आ रही है। एक व्यक्ति ने बताया कि अपने घर पर रहकर स्वगणना करने से लोकेशन दर्ज करने में आसानी हो रही है। जो लोग निरक्षर हैं या आनलाइन प्रक्रिया पूरी करने में सक्षम नहीं हैं, उनके लिए एक दिसंबर से प्रगणक घर-घर पहुंचकर गणना करेंगे।

अलीगढ़ में जनगणना-2027 के तहत स्वगणना के पहले दिन सोमवार को पोर्टल पर अचानक लोड बढ़ने से लोगों को आनलाइन फार्म भरने में परेशानी हुई थी। हालांकि, मंगलवार को दूसरे दिन साफ्टवेयर ने सामान्य रूप से काम किया और बड़ी संख्या में लोगों ने घर बैठे परिवार का ब्योरा दर्ज कराया। प्रशासनिक अधिकारी और टीमें लगातार लोगों को स्वगणना के लिए जागरूक कर रही हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को आनलाइन प्रक्रिया समझाने और तकनीकी दिक्कतों के समाधान में विशेष ध्यान दिया जा रहा है। कुछ स्थानों पर मैपिंग में संबंधित मोहल्ले नहीं मिलने जैसी समस्या भी सामने आई है। अधिकारियों के अनुसार, स्वगणना की सुविधा का उद्देश्य अधिक से अधिक परिवारों की भागीदारी सुनिश्चित करना है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।