यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 11, 2019 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
बादशाहनगर में ट्रेन से उतरने के बाद सीधे जा सकेंगे मेट्रो में, बनेगा स्काई वॉक
मिलेगी सहूलियत : स्काई वॉक पर ही होंगे टिकट काउंटर। रेड लाइन पर सफर करने वाले लाखों यात्री उठा सकेंगे फायदा।

लखनऊ, (अंशू दीक्षित)। मेट्रो व रेलवे में सफर करने वाले यात्रियों को आने वाले कुछ महीनों में एक और सौगात मिलने जा रही है। यह सौगात बादशाह नगर मेट्रो व रेलवे स्टेशन को स्काई वॉक के जरिए कनेक्ट करने से मिलेगी। भविष्य में गोमती नगर रेलवे स्टेशन के शुरू होते ही बादशाह नगर मेट्रो स्टेशन का हब होगा। अधिकांश ट्रेनें यहां रुकेंगी। इसका सीधा फायदा रेड लाइन पर सफर करने वाले लाखों यात्री उठा सकेंगे। रेलवे व मेट्रो इसको भुनाने में लग गए हैं।
23 किमी के नार्थ साउथ कॉरिडोर पर यात्रियों का ग्राफ बढ़ाने के लिए लखनऊ मेट्रो हर जतन कर रहा है। पहले चरण में दुर्गापुरी मेट्रो स्टेशन को लखनऊ जंक्शन के प्लेटफार्म एक से कनेक्ट किया। यहां यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे व मेट्रो काउंटर खोले गए। इसका लाभ हजारों दैनिक यात्री उठा रहे हैं। दूसरा स्टेशन चारबाग मेट्रो स्टेशन है, जिसे भविष्य में चारबाग रेलवे स्टेशन व लखनऊ जंक्शन को कनेक्ट करने की योजना है। नार्थ साउथ कॉरिडोर से कनेक्ट होने के साथ ही ईस्ट वेस्ट कॉरिडोर से भी यह कनेक्ट होगा। यात्रियों को परिसर के बाहर आने की जरूरत नहीं होगी। यात्री सीधे मेट्रो स्टेशन व रेलवे स्टेशन जा सकेगा।
अब बादशाह नगर मेट्रो स्टेशन को बादशाह नगर रेलवे स्टेशन से कनेक्ट करने के लिए स्काई वॉक बनाया जाएगा। इस पर पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के अधिकारियों से जल्द ही लखनऊ मेट्रो रेल कॉरपोरेशन अपनी वार्ता बढ़ाएगा। मेट्रो अधिकारियों ने बताया कि पूरे प्रोजेक्ट पर आने वाले खर्च में दोनों विभाग शेयरिंग करें।
यह ट्रेनें यहां से निकलती व चलती हैं
डालीगंज नकहा जंगल, गोंडा पैसेंजर, उत्सर्ग एक्सप्रेस, सीतापुर गोरखपुर एक्सप्रेस, गोरखपुर इंटरसिटी, बाराबंकी लखनऊ मेमू, कुशी नगर एक्सप्रेस, अवध एक्सप्रेस, रापती सागर एक्सप्रेस, गोरखपुर ओखा एक्सप्रेस, एलटीटी गोरखपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस सहित दो दर्जन ट्रेनों का आवागमन नियमित रूप से हो रहा है।
मेट्रो स्टेशन सीधे होंगे कनेक्ट
ट्रेनों से आने वाले यात्री सीधे विमान सेवा का लाभ भी उठा सकेंगे। बादशाह नगर स्टेशन नार्थ साउथ कॉरिडोर यानी रेड लाइन को सीधे जोड़ेगा। खासबात होगी कि इंदिरा नगर, आइटी, लखनऊ विवि, लेख राज, आरएस मिश्रा मेट्रो, मुंशी पुलिया मेट्रो स्टेशन के लोग इसका ज्यादा लाभ उठाएंगे। एलएमआरसी के प्रबंध निदेशक कुमार केशव ने बताया कि बादशाह नगर मेट्रो स्टेशन व बादशाह नगर रेलवे स्टेशन को स्काई वॉक के जरिए कनेक्ट किया जाएगा। इसको लेकर प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
