छह स्पेशल ट्रेनों ने दी UP PET-2026 के अभ्यर्थियों को राहत, नियमित की देरी ने बढ़ायी मुश्किलें
Special Trains For UP PET-2026: लखनऊ से मुरादाबाद के लिए दो, आगरा फोर्ट, प्रयागराज संगम , बलिया और बरेली के लिए एक-एक स्पेशल ट्रेनें चलायी गईं।

अभ्यर्थियों को स्पेशल ट्रेनों ने राहत दी
HighLights
कानपुर की ओर जाने वाली गोमती एक्सप्रेस सहित कई ट्रेन घंटों लेट
गोरखपुर इज्जतनगर एक्सप्रेस की देरी से पीलीभीत के अभ्यर्थी परेशान
जागरण संवाददाता, लखनऊ : उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) 2026 में शामिल होने आए अभ्यर्थियों को जहां स्पेशल ट्रेनों ने राहत दी, वहीं नियमित ट्रेनों की मुश्किलें लेट ट्रेनों ने बढ़ा दी।
गोमती एक्सप्रेस के लेट होने से कानपुर की ओर जाने वाले अभ्यर्थी परेशान हुए। इसी तरह गोरखपुर इज्जतनगर एक्सप्रेस की देरी से पीलीभीत जाने वाले कई अभ्यर्थियों को परेशानी हुई। गोमती एक्सप्रेस सुबह 5:45 बजे के स्थान पर 8:30 बजे नई दिल्ली के लिए रवाना हुई। इसी तरह गोरखपुर इज्जतनगर एक्सप्रेस के एक घंटा लेट होने से पीलीभीत जाने वाले अभ्यर्थियों ने रेलवे से शिकायत दर्ज कराई।
ट्रेन 14214 इंटरसिटी एक्सप्रेस के मनकापुर में अधिक देर तक खड़ा होने से रवि वर्मा ने इसकी शिकायत दर्ज कराई। रेलवे की ओर से अभ्यर्थियों को हो रही परेशानी और परीक्षा छूटने की आशंका जताते हुए ट्रेन को नियत समय पर गंतव्य तक पहुंचाने का आश्वासन दिया गया।
ट्रेन 04097 शकूरबस्ती स्पेशल से टिकट करवाने वाले अभ्यर्थी प्रदीप चौहान ने इस ट्रेन के छह घंटे लेट चलने पर अपना टिकट निरस्त कर दिया।अवध एक्सप्रेस से इटावा जा रहे सीपी यादव ने रेलवे को शिकायत करते हुए कहा कि उनको रविवार सुबह आठ बजे सेंटर पर रिपोर्ट करना है।
रेलवे ने छह परीक्षा स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया। लखनऊ से मुरादाबाद के लिए दो, आगरा फोर्ट, प्रयागराज संगम , बलिया और बरेली के लिए एक-एक स्पेशल ट्रेनें चलायी गईं। शाम की पाली के बाद स्टेशन पर अभ्यर्थियों की भीड़ रही। जीआरपी और आरपीएफ के अधिकारियों ने स्थिति को संभाला। स्टेशन के बाहर होल्डिंग एरिया बनाया गया। यहां अभ्यर्थियों के ठहरने की व्यवस्था की गई।
