उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव अनूप चंद्र पांडेय को छह महीने का सेवा विस्तार
फरवरी 2019 में रिटायर हो रहे उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव अनूप चंद्र पांडे को 6 महीने का सेवा विस्तार मिल गया है।
लखनऊ, जेएनएन। प्रदेश के मुख्य सचिव अनूप चंद्र पांडेय को छह माह का सेवा विस्तार देने की केंद्र सरकार ने मंजूरी दे दी है। वह इसी 28 फरवरी को रिटायर होने वाले थे लेकिन अब 31 अगस्त तक रहेंगे। 1984 बैच के अधिकारी पांडेय को पिछले साल जून माह में मुख्य सचिव बनाया गया था। उनकी गिनती मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भरोसेमंद अफसरों अफसरों में होती है। उल्लेखनीय है कि पिछले साल फरवरी महीने में प्रदेश में हुई इन्वेस्टर्स समिट के आयोजन में अनूप चंद्र पांडेय का महत्वपूर्ण योगदान था। किसानों की कर्जमाफी व अन्य कई बड़ी योजनाओं भी उनका अहम योगदान रहा है।
अनूप चंद्र पांडेय के सेवा विस्तार के लिए प्रदेश सरकार ने केंद्र को पत्र भेजा था। मंगलवार को केंद्रीय कार्मिक एवं प्रशिक्षण मंत्रालय ने इसकी मंजूरी दे दी। शासन के लोगों के अनुसार यह पहला अवसर है जबकि प्रदेश में किसी मुख्य सचिव को एक साथ छह माह का सेवा विस्तार दिया गया है। अनूप चंद्र पांडेय के अनुभव को देखते हुए राज्य सरकार चुनाव तक उन्हें पद पर बनाए रखना चाहती थी इसलिए उन्हें सेवा विस्तार दिया गया। उनके पास औद्योगिक विकास आयुक्त पद का महत्वपूर्ण प्रभार भी है।
गौरतलब है कि सरकार नए मुख्य सचिव के साथ चुनाव में नहीं जाना चाहती, लिहाजा उसने पांडेय का कार्यकाल बढ़ाने की सिफारिश की थी। अनूप चंद्र पांडे ने पिछले साल जून में मुख्य सचिव का पदभार संभाला था। पांडे के पास कई महत्वपूर्ण प्रभार भी है। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर उनके कार्यकाल को बढ़ाया गया है। अनूप चंद्र को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भरोसेमंद अधिकारियों में माना जाता है। पांडे को किसान कर्जमाफी योजना और यूपी इन्वेस्टर्स समिट आयोजित करने में अहम भूमिका निभाने के लिए भी जाना जाता है। उनको एक दर्जन से अधिक आइएएस अधिकारियों को सुपरसीट कर मुख्य सचिव बनाया गया था।