दिल्ली में धुंध के कारण लखनऊ में उतरे छह विमान, यात्री परेशान Lucknow News
गो व एयर इंडिया के विमान हुए लैंड। इंडोर थाईलैंड विशाखापटनम व चेन्नई की फ्लाइट फंसी देर रात उड़ान भर सकी।
लखनऊ, जेएनएन। नई दिल्ली एयरपोर्ट पर धुंध के कारण आधा दर्जन विमान लैंड नहीं हो सके। ऐसी स्थिति में आधा दर्जन विमानों को लखनऊ से चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर लैंड करवाया गया। इसके कारण सैकड़ों यात्री विमानों में फंसे रहे। एयर ट्रैफिक कंट्रोल के मुताबिक, मौसम ठीक होने के बाद विमानों को दिल्ली के लिए टेक ऑफ करा दिया गया। लखनऊ में विमान लैंड होने के कारण कई यात्रियों की कनेक्टिंग फ्लाइट छूट गई। वहीं, लखनऊ से गो एयर की एक फ्लाइट दिल्ली के लिए उड़ी थी, लेकिन धुंध के कारण वापस आ गई। जिसे मौसम साफ होने के बाद दिल्ली भेजा गया।
सैकड़ों यात्री फ्लाइट में घंटों बैठे रहे, मौसम ठीक होने के बाद एक-एक करके देर रात विमान टेक ऑफ कराए गए। एयर ट्रैफिक कंट्रोल के मुताबिक, सुबह 10 बजे से 10:25 बजे तक एक- एक कर छह विमान उतरे। इनमें इंडिगो की चेन्न्ई, दिल्ली उड़ान 6ई 5007, एयर इंडिया की विशाखापट्टनम से दिल्ली जाने वाली उड़ान एआई 452, गो एयर की लखनऊ दिल्ली उड़ान जी8-2510, गो एयर की मुंबई से दिल्ली की उड़ान जी8-327, गो एयर की थाईलैंड के फुकेट से दिल्ली की उड़ान जी8-032 और एयर इंडिया की मुंबई से दिल्ली उड़ान संख्या एआई635 शामिल हैं। सभी विमान दिल्ली में स्थिति सुधरने के बाद टेक ऑफ कर सके। करीब 11:30 बजे गो एयर की पहली उड़ान वापस गई। बाकी सभी विमान दोपहर 12 बजे तक दिल्ली के रवाना हो गए।
लखनऊ में प्रदूषण का ग्राफ घटा
राजधानी लखनऊ भी धुंध के गिरफ्त में है। शनिवार को लखनऊ का एक्यूआइ 422 था जो रविवार को घटकर 400 रह गया। हालांकि, यह भी खतरनाक श्रेणी में आता है। राजधानी में दिनभर सूर्य बादलों में दुबका रहा।