Move to Jagran APP

मेरठ व गोरखपुर में ताजिया जुलूस को लेकर बवाल, ईंट-पत्थर चले

मेरठ में भी आज मोहर्रम के जुलूस के दौरान मातम के समय बवाल हो गया। इस बवाल के दौरान जुलूस में मातम करते लोगों ने शोगवार घंटाघर के पास हंगामा कर दिया।

By Dharmendra PandeyEdited By: Published: Fri, 21 Sep 2018 05:03 PM (IST)Updated: Fri, 21 Sep 2018 05:10 PM (IST)
मेरठ व गोरखपुर में ताजिया जुलूस को लेकर बवाल, ईंट-पत्थर चले

लखनऊ (जेएनएन)। मोहर्रम पर आज ताजिया जुलूस के दौरान मेरठ तथा गोरखपुर में बवाल हो गया। मेरठ के साथ गोरखपुर में इस दौरान काफी देर तक ईंट-पत्थर भी चले।

loksabha election banner

गोरखपुर के कसया थानाक्षेत्र के गांव कुरहवा में ताजिया जुलूस को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। यहां पर ईंट-पत्थर भी चले। इस गांव में बीते वर्ष भी विवाद हुआ था। तब दोनों वर्ग के बीच समझौता हुआ था कि ताजिया व मूर्ति जुलूस गांव में नहीं घूमेगा। इसके विपरीत ताजिया घुमाने को लेकर विवाद बताया जा रहा है। एसपी अशोक पाण्डेय तथा डीएम डॉ अनिल कुमार सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए हैं।

मेरठ में भी आज मोहर्रम के जुलूस के दौरान मातम के समय बवाल हो गया। इस बवाल के दौरान जुलूस में मातम करते लोगों ने शोगवार घंटाघर के पास हंगामा कर दिया। इनको नियंत्रण में लेने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज भी करना पड़ा।

गोरखपुर में आज गोरखनाथ के तरंग क्रॉसिंग पर ताजिया आगे करने के विवाद में मनबढ़ों ने युवक पर चाकू से हमला कर दिया। इस घटना के बाद एक पक्ष के लोगों ने सड़क पर ताजिया रख जाम लगा दिया। यहां सीओ से कार्रवाई का आश्वासन मिलने पर शांत हुए। घायल युवक को परिजन जिला अस्पताल ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने उसे छुट्टी दे दी। चार लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने एक को गिरफ्तार कर लिया है।

गोरखनाथ क्षेत्र के ताजियादार जुलूस में शामिल होकर इमाम चौक पर लौट रहे थे। झंडा ऊंचा करने और ताजिया आगे करने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। हल्की मारपीट के बाद एक पक्ष के लोग चाकू, डंडा लिए आगे बढ़ गए।

तजियादार हुमायूंपुर उत्तरी निवासी सदरे आलम उर्फ कुरशेद (38) पर चाकू से हमला कर दिया। इस वारदात के बाद आरोपित फरार हो गए। यहां कुरशेद के पिता की तहरीर पर पुलिस ने हुमायूंपुर निवासी सब्बीर अहमद, रियाज अहमद, इश्तियाक व अल्ताफ के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया है। एसपी सिटी विनय सिंह ने बताया कि दोपहर में सब्बीर को गिरफ्तार कर लिया गया। अन्य की तलाश चल रही है।

गणेश विसर्जन यात्रा निकलवाने को बखेड़ा

पीलीभीत के बरखेड़ा कस्बे में आज गणेश विसर्जन यात्रा और मोहर्रम का जुलूस एक ही रूट से निकलने को लेकर बखेड़ा हो गया। यहां पर विवाद बढऩे पर एसपी बालेंदु भूषण सिंह फोर्स के साथ वहां पहुंच गये। जिसके बाद पहले गणेश विसर्जन यात्रा को निकलवाया गया है। फिलहाल वहां स्थिति सामान्य है। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.