जेल में भी वीआईपी ट्रीटमेंट चाह रही हत्यारोपित मॉडल श्रद्धा दुबे, ठुकरा दी गई शुगर फ्री ब्लैक कॉफी की डिमांड
Shraddha Dubey Expecting VIP Treatment: श्रद्धा और रश्मि को अब आम कैदियों की तरह ही जेल प्रशासन के सख्त नियमों और दिनचर्या के हिसाब से रहना पड़ रहा है।

श्रद्धा दुबे और उसकी बहन रश्मि दुबे का ठिकाना अब गोसाईगंज का जिला कारागार

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, लखनऊ : कारोबारी और लिव इन पार्टनर शिवा शर्मा की हत्या के आरोप में बहन रश्मि व ड्राइवर दानिश के साथ लखनऊ जिला कारागार में बंद श्रद्धा दुबे वहां भी वीआईपी ट्रीटमेंट चाह रही है। श्रद्धा दुबे ने रविवार को सुबह शुगर फ्री ब्लैक कॉफी की डिमांड की, जो ठुकरा दी गई।
मॉडल श्रद्धा दुबे ने लखनऊ जेल में शुगर फ्री ब्लैक कॉफी की डिमांड की। 45-45 महिलाओं वाली बैरक में बहन रश्मि के साथ शिफ्ट की गई श्रद्धा दुबे ने लगातार सफर और थकान का हवाला देते हुए चाय की जगह जेल में ब्लैक कॉफी पीने की फरमाइश की। जेल प्रशासन ने साफ कह दिया- जेल मेन्युअल के मुताबिक ही चीजें मिलेंगी। श्रद्धा और रश्मि को अब आम कैदियों की तरह ही जेल प्रशासन के सख्त नियमों और दिनचर्या के हिसाब से रहना पड़ रहा है।
महिला कैदियों के साथ शिफ्ट की गईं दोनों बहनें
क्वारंटीन बैरक के बाद आम महिला कैदियों के साथ शिफ्ट की गईं दोनों बहनें श्रद्धा और रश्मि दुबे दूसरे दिन जेल में काफी बेचैन नजर आईं। दोनों आपस में काफी देर तक बातचीत करती रहीं, लेकिन उन्होंने किसी दूसरे कैदी से कोई बात नहीं की।
लक्जरी कारों में घूमने और पांच सितारा होटल में खाने और सोने वाली श्रद्धा दुबे और उसकी बहन रश्मि दुबे के साथ ड्राइवर दानिश उर्फ तनवीर का ठिकाना अब गोसाईगंज का जिला कारागार है। गुरुवार को जेल भेजे जाने और एक दिन क्वारंटाइन में बिताने के बाद शुक्रवार को दोनों बहनों को 45 महिला कैदियों वाली सामान्य बैरक में शिफ्ट कर दिया गया।
जेलर ऋत्विक प्रियदर्शी ने बताया कि श्रद्धा सामान्य बंदियों की तरह रह रही है। जेल में अब श्रद्धा, उसकी बहन एवं चालक को दूसरे बंदियों की तरह तय नियमों के अनुसार रहना होगा। तीनों को कड़ी निगरानी में रखा गया है। जेल मैनुअल के मुताबिक सुविधाएं दी जा रही हैं।
दोनों बहनों रात भर बदल रहीं करवटें
मलमल के गद्दे पर सोने वाली श्रद्धा दुबे को जेल में फर्श पर पड़ी दरी पर लेटना पड़ रहा है। जेल में दोनों बहनें श्रद्धा और रश्मि दुबे की राते करवटें बदलते बीत रही हैं। हाई प्रोफाइल पार्टियों में रात बिताने वाली श्रद्धा दुबे को सेवेन और फाइव स्टार होटल के गद्दों पर नींद लेने की आदत पड़ गई है, अब पथरीली जमीन पर उसे नींद नहीं आ रही है। मच्छरों के काटने के कारण भी दोनों को चैन नहीं है।
बिना पुलिस वेरिफिकेशन नहीं हो सकेगी श्रद्धा से मुलाकात
जिला जेल में बंद शिवा शर्मा की हत्या की मुख्य आरोपित श्रद्धा दुबे से मुलाकात आसान नहीं होगी। जेल प्रशासन ने नियम कड़े कर दिए हैं। अब बिना पुलिस वेरिफिकेशन के श्रद्धा से कोई भी मुलाकात नहीं कर सकेगा। जेल प्रशासन के अनुसार, श्रद्धा से मिलने आने वाले हर व्यक्ति का पहले पुलिस वेरिफिकेशन कराया जाएगा। वेरिफिकेशन पूरा होने और रिपोर्ट स्पष्ट आने के बाद ही मुलाकात की अनुमति दी जाएगी।
सोशल मीडिया प्रोफाइल एक्टिव
लिव इन पार्टनर शिवा शर्मा की हत्या के आरोप में श्रद्धा दुबे के जेल में होने के बावजूद सोशल मीडिया प्रोफाइल एक्टिव है। उसके इंस्टाग्राम फॉलोअर्स बढ़ते जा रहे हैं। भले ही उसकी फॉलोइंग्स घट रही हैं, लेकिन फॉलोअर्स बढ़ रहे हैं। ऐसे लोगों की संख्या घटती जा रही है, जिसे वह फॉलो करती है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि उसका अकाउंट कहां से और कौन चला रहा है।
नौ को हुई थी शिवा शर्मा की मौत
शिवा शर्मा की नौ अक्टूबर को हजरतगंज के अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरकर मौत हो गई थी। शिवा चार महीने से श्रद्धा के साथ लिव-इन में रह रहा था। जब उसकी बॉडी सड़क पर मिली थी तो वह सिर्फ अंडरवियर में था। उसके चेहरे और पूरे बदन पर लिपस्टिक के निशान थे और शरीर पर कई जगह सिगरेट से जलाने के निशान भी मिले थे। शिवा की मां रंजना शर्मा ने उसकी मौत के मामले में श्रद्धा, उसकी बहन रश्मि, ड्राइवर आदिल समेत पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि श्रद्धा ने ही शिवा को चौथी मंजिल से धक्का दिया था। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
