शिवा हत्याकांड: 11 दिन की फरारी में कहां रही श्रद्धा दुबे? नेपाल से आगरा तक बदलती रही ठिकाने, आखिर में धरी गई
शिवा शर्मा हत्याकांड की मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे 11 दिन तक पुलिस से बचने के लिए नेपाल से आगरा तक लगातार ठिकाने बदलती रही।
-1792507265043_m.webp)
HighLights
श्रद्धा दुबे ने 11 दिन तक पुलिस को चकमा दिया।
नेपाल से आगरा तक लगातार ठिकाने बदलती रही।
छोटे होटलों में छिपकर पहचान छिपाने का प्रयास किया।
अवनीश मिश्र, लखनऊ। कारोबारी शिवा शर्मा हत्याकांड की मुख्य आरोपित लिव-इन पार्टनर श्रद्धा दुबे 11 दिन तक पुलिस से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदलती रही। पुलिस को गुमराह करने के लिए पहले नेपाल गई। उसके बाद भारत लौटी और अग्रिम जमानत की अर्जी डाली, फिर 11 सौ किलोमीटर दूर फरार हो गई।
इस दौरान सह आरोपी उसकी बहन रश्मि दुबे और चालक तनवीर भी उसके साथ रहे। तीनों ने छोटे होटलों में ठिकाना बनाया। पहचान छिपाकर एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचते रहे। आगरा से नागपुर तक उनके सफर की जानकारी सामने आई। एडीजी कानून-व्यवस्था अमिताभ यश ने श्रद्धा की फरारी से जुड़े घटनाक्रम की जानकारी दी है।
बहराइच के रूपईडीहा होते हुए नेपाल गई
शिवा की मौत के बाद श्रद्धा बहन रश्मि और चालक तनवीर के साथ बहराइच के रूपईडीहा होते हुए नेपाल चली गई। वहां के उसके फोटो और सीसीटीवी फुटेज सामने आए। इस दौरान उसने नेपाल में अपना मोबाइल एक बार ऑन किया। पुलिस को उसकी लोकेशन महिमनगर मिली, लेकिन कुछ ही देर में उसने मोबाइल बंद कर दिया। उसके बाद नेपाल का सिम लेकर अपने मददगारों से संपर्क करती रही।
इसके बाद रायबरेली, लखनऊ होते हुए आगरा पहुंच गई। श्रद्धा की तलाश में पुलिस को सबसे बड़ी चुनौती उसके लगातार ठिकाने बदलने की रही। बड़े होटलों के बजाय छोटे होटलों रुकती थी। आगरा के एक होटल में करीब 24 घंटे तक रुकने की जानकारी सामने आई है। इस दौरान उसका बुर्के में घूमने की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है।
वीडियो जारी कर रखती रही अपना पक्ष
पुलिस की तलाश के बीच श्रद्धा वीडियो जारी कर अपना पक्ष भी रखती रही। वह शिवा की मौत को आत्महत्या बताती रही। इस बीच उसने न्यूज एजेंसी के जरिए भी अपना पक्ष रखा। उसके वीडियो सामने आने के बावजूद वह पुलिस की पकड़ से दूर रही। इस बीच पुलिस उपायुक्त मध्य विक्रांत वीर और सहायक पुलिस आयुक्त रजनीश वर्मा हटाए गए। हजरतगंत कोतवाली प्रभारी विक्रम सिंह लाइन हाजिर हुए।
मददगारों की जानकारी जुटा रही पुलिस
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि तीनों ने किन-किन स्थानों पर समय बिताया और उनके संपर्क में कौन लोग थे? रास्ता, ठहरने के स्थानों और फरारी के दौरान की गतिविधियों से जुड़े तथ्यों की पड़ताल से पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में मदद मिलेगी। बता दें कि नौ अक्टूबर को हजरतगंज क्षेत्र स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरने के बाद शिवा की मौत हो गई थी। उनकी मां की शिकायत पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज हुई थी।
ज्यादातर टैक्सी का किया इस्तेमाल
फरारी के दौरान श्रद्धा दुबे ने ज्यादातर टैक्सी का इस्तेमाल किया। एक टैक्सी से कुछ दूर जाती थी। उसे छोड़कर दूसरी टैक्सी से आगे बढ़ती थी। पुलिस जब तक उसका लोकेशन ट्रेस करके पहुंचती थी, तब तक वह आगे बढ़ जाती थी। होटलों के स्टाफ से टैक्सी बुक करवाती थी। टोल प्लाजा पार करने के बाद भी टैक्सी बदल देती थी। इस दौरान कई बार लिफ्ट लेने की बात भी सामने आई है।
