यूपी भाजपा में संगठन मंत्रियों की कमी होगी पूरी, बृज प्रांत के सह प्रांत प्रचारक कर्मवीर अब संभालेंगे काम
यूपी बीजेपी में संगठन मंत्रियों की कमी जल्द पूरी हो जाएगी। आरएसएस की ओर से बृज क्षेत्र के सह प्रांत प्रचारक कर्मवीर सिंह को भाजपा में काम करने के लिए भेजा गया है और दो अन्य क्षेत्रों के लिए भी संगठन मंत्रियों की तलाश जल्द पूरी होने की उम्मीद है।
लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी में संगठन मंत्रियों की कमी जल्द ही पूरी हो जाएगी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से बृज क्षेत्र के सह प्रांत प्रचारक कर्मवीर सिंह को भारतीय जनता पार्टी में काम करने के लिए भेजा गया है और दो अन्य क्षेत्रों के लिए भी संगठन मंत्रियों की तलाश जल्द पूरी होने की उम्मीद है।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से आए कर्मवीर किस क्षेत्र की जिम्मेदारी संभालेंगे यह अभी तय नहीं किया गया है, परंतु प्रदेश में तीन क्षेत्रों में संगठन मंत्री या तो नहीं हैं अथवा एक संगठन मंत्री दो क्षेत्रों की जिम्मेदारी संभाले हुए हैं। बता दें कि पश्चिमी क्षेत्र में काफी समय से कोई संगठन मंत्री नहीं है, जबकि बृज व कानपुर क्षेत्रों की जिम्मेदारी भवानी सिंह संभाले हुए हैं। इसी तरह काशी और गोरखपुर क्षेत्रों का काम भी रत्नाकर के हवाले है।
सूत्रों का कहना है कि भारतीय जनता पार्टी वर्ष 2022 के लिए संगठन तैयार करने में जुटी है। राष्ट्रीय नेतृत्व ने राधामोहन सिंह को प्रदेश प्रभारी का दायित्व सौंपने के साथ ही तीन सह प्रभारियों की नियुक्ति भी कर दी है। दूसरी ओर, उत्तर प्रदेश बीजेपी के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह भी प्रदेश पदाधिकारियों व क्षेत्रीय अध्यक्षों की तैनाती के बाद मोर्चा प्रकोष्ठों के गठन के लिए होमवर्क करने में लगे है।
सभी क्षेत्रों में कार्यकारिणी गठन का कार्य पूरा हो चुका है। मोर्चा प्रकोष्ठों के अलावा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य भी नामित किए जाने है। उपचुनाव के बाद विधान परिषद चुनाव की गतिविधियां तेज होने के कारण भी संगठन तैयार करने में विलंब हो रहा है।