'जिन्ना की तरह देश बांट रहे राहुल, घुसपैठियों का आधार कार्ड बनवा रहे अखिलेश'; लखनऊ में बोले शिवराज सिंह चौहान
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लखनऊ में 'लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ' पदयात्रा के दौरान कांग्रेस और सपा पर जमकर हमला बोला।

मंगलवार को विधान भवन के सामने से भाजपा की ओर से निकली लोकतंत्र बचाओं अराजक्ता हटाओ अभियान के तहत निकली पदयात्रा को संबोधित करते केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान।
HighLights
राहुल गांधी पर देश बांटने का आरोप लगाया।
अखिलेश यादव पर घुसपैठियों के आधार कार्ड का आरोप।
पीएम मोदी की नीतियों और नेतृत्व की सराहना की।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। 'लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ' अभियान के अंतर्गत मंगलवार को निकली पदयात्रा में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर जमकर हमला बोला। कहा कि पहले लार्ड कर्जन ने 1905 में देश बांटा। फिर 1947 में जिन्ना ने। अब राहुल गांधी भी उसी राह पर हैं।
विदेशी ताकतों ने इन्हें अराजकता का टेंडर दे दिया है। देश बंट जाए, राहुल पर फर्क नहीं पड़ता। आरोप लगाया कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव बांग्लादेश से आए घुसपैठियों का आधार कार्ड बनाने की फैक्ट्री चला रहे हैं। कहा कि बंगाल से राजस्थान तक हर जगह इंडी गठबंधन हार गई, इसलिए अखिलेश बाबू भी विधान सभा चुनाव में हार जाएंगे।
लोकभवन से परिवर्तन चौक के बीच पदयात्रा से पहले मंच पर संबोधन में शिवराज ने कहा कि ऐसा नारा लगाओ कि दिल्ली तक इंडी गठबंधन कांप जाए। शिवराज ने शायराना अंदाज में कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया तो तीखे शब्दों से विपक्ष पर निशाना साधा। केंद्रीय मंत्री ने विपक्ष को आगाह किया कि तुमने हमें छेड़ दिया है।
'जब हम मचलते हैं तो तूफान मचल जाते हैं। जब हम उलझते हैं तो इतिहास बदल जाते हैं।' प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। कहा कि उनके प्रयास से देश में 49 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए। वह भगवान का वरदान हैं। 2029 में तीसरी बार प्रधानमंत्री बनेंगे। मोदी की वजह से भारत माता का डंका दुनियाभर में गूंज रहा, जो कांग्रेस को खटकता है।
जब कांग्रेस समेत विपक्ष चुनाव में नहीं जीत सका, तो वो अराजकता पर उतर आए हैं। कांग्रेस और राहुल के साथ जो गया, वो डूब गया। कांग्रेस के लोग गणतंत्र को गुंडातंत्र में बदलना चाहते हैं। एसआइआर को मुद्दा बनाने वाले विपक्ष से पूछा कि जिनका स्वर्गवास हुआ, उनका नाम मतदाता सूची से हटना चाहिए कि नहीं।
6.1 करोड़ लोग एक से दूसरी जगह चले गए, उनका नाम होना चाहिए क्या। एक करोड़ डुप्लीकेट इंट्री थी। दो करोड़ अस्सी लाख लोग मर गए, उनका नाम कटना चाहिए कि नहीं। जो बांग्लादेश से आए उन्हें बाहर निकालना चाहिए कि नहीं? कहा कि इंडी गठबंधन घुसपैठियों से कहते हैं आओ वोट बनवाओ। देश बंट जाए तो बंट जाए।
राहुल और अखिलेश ने जीवन भर चेहरे की जगह आइना साफ किया। कहा कि यूपी में सपा सरकार में जनता सुरक्षित नहीं थी। कमीशन, क्राइम और करप्शन का बोलबाला था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सब ठीक कर दिया। मोदी और योगी एक और एक मिलकर 11 हैं। सहयोगी दलों की शक्तियां भी हमें मजबूत कर रही हैं। विपक्ष को जनता के मैदान में आकर लड़ने की चुनौती दी। कहा कि 'अब हवाएं ही करेंगी रोशनी का फैसला, जिस दीये में जान होगी, वो दीया रह जाएगा।'
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इंडी गठबंधन 56 बार चुनाव हारी है। राहुल गांधी को याद दिलाया कि कैसे कांग्रेस के समय में लोकतांत्रिक प्रक्रिया से चुनी गई कल्याण सिंह सरकार बर्खास्त की गई। 1975 में इमरजेंसी लगाई। कोर्ट ने इंदिरा का चुनाव आयोग घोषित किया। कांग्रेस ने सभी संविधानिक संस्थाओं पर कब्जा किया। विपक्ष को चुनौती दी कि वो वोट चोरी मसले पर संसद में बहस करें, लेकिन वहां ये हुड़दंग करते हैं। रिजीम चेंज पर एक शेर के जरिए जवाब दिया।
'कुछ बात है कि मिटाती हस्ती नहीं हमारी, सदियों से रहा दुश्मन दौर-ए-जमां हमारा'..कहा। सबको लोकतंत्र की रक्षा का संकल्प दिलाया। कहा कि भारत माता के लिए सदैव तत्पर रहना होगा। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, मंत्री संजय निषाद, आशीष पटेल और रालोद के प्रदेश अध्यक्ष ऐश्वर्य राज सिंह ने भी लोगों को संबोधित किया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।