विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मासूम की धड़कन को मिली नई जिंदगी: लखनऊ SGPGI के डॉक्टर ने बिना सर्जरी दिल से निकाला 5 सेमी का टुकड़ा

Published: Tue, 24 Nov 2026 05:32 PM (IST)

एसजीपीजीआइ लखनऊ के डॉक्टरों ने समय से पहले जन्मी एक नवजात बच्ची के हृदय से टूटी हुई पीआईसीसी लाइन को बिना बड़ी सर्जरी के सफलतापूर्वक निकाला।

एसजीपीजीआइ लखनऊ। फोटो स्रोत- आधिकारिक वेबसाइट

एसजीपीजीआइ लखनऊ। फोटो स्रोत- आधिकारिक वेबसाइट

HighLights

  1. एसजीपीजीआइ ने नवजात के हृदय से निकाला टूटा पीआईसीसी लाइन।

  2. बिना बड़ी सर्जरी, विशेष कैथेटर तकनीक से हुई सफल प्रक्रिया।

  3. बच्ची स्वस्थ होकर अस्पताल से डिस्चार्ज, डॉक्टरों की बड़ी उपलब्धि।

जागरण संवाददाता, लखनऊ। एसजीपीजीआइ के डॉक्टरों ने चिकित्सा क्षेत्र में बड़ी सफलता हासिल करते हुए समय से पहले जन्मी एक नवजात बच्ची के हृदय में पहुंची टूटी हुई पीआईसीसी लाइन को बिना बड़ी सर्जरी के निकाल दिया। करीब पांच सेंटीमीटर लंबे कैथेटर के टुकड़े को डॉक्टरों ने विशेष उपकरण और आधुनिक कैथेटर तकनीक की मदद से बाहर निकाला।

प्रक्रिया के बाद बच्ची की हालत में तेजी से सुधार हुआ और स्वस्थ होने पर उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। बच्ची का जन्म गर्भावस्था के 31 सप्ताह और तीन दिन में हुआ था। जन्म के समय उसका वजन महज 1225 ग्राम था। वह एक जैसे दिखने वाले जुड़वां बच्चों में से एक थी। जन्म के बाद उसे सांस लेने में परेशानी हुई, जिसके चलते वेंटिलेटर और विशेष नवजात देखभाल की जरूरत पड़ी। उसे एसजीपीजीआइ के नवजात गहन चिकित्सा इकाई (एनआइसीयू) में भर्ती कराया गया।

इलाज के दौरान बच्ची सेप्सिस और मेनिनजाइटिस से भी पीड़ित हो गई। लंबे समय तक नसों के जरिये एंटीबायोटिक देने के लिए उसकी नस में पीआईसीसी लाइन डाली गई थी।

26वें दिन अचानक बिगड़ी हालत

जीवन के 26वें दिन बच्ची को अचानक सांस लेने में परेशानी होने लगी। नवजात रोग विशेषज्ञों ने तत्काल इकोकार्डियोग्राफी कराई। जांच में हृदय के दाएं आलिंद (राइट एट्रियम) में पीआईसीसी लाइन का टूटा हुआ हिस्सा दिखाई दिया। लाइन निकालकर जांच की गई तो उसका करीब पांच सेंटीमीटर हिस्सा गायब मिला। इससे स्पष्ट हुआ कि कैथेटर का टुकड़ा टूटकर हृदय तक पहुंच गया था। हृदय में इस तरह का बाहरी टुकड़ा रहने से धड़कन अनियमित होने, खून का थक्का जमने और हृदय को नुकसान पहुंचने का खतरा था

नवजात रोग विशेषज्ञों और हृदय रोग विशेषज्ञों ने संयुक्त रूप से कैथेटर प्रक्रिया के जरिये टुकड़ा निकालने का फैसला किया। बच्ची की दाहिनी जांघ की नस के रास्ते विशेष उपकरण (स्नेर) हृदय तक पहुंचाया गया। एक्स-रे की लगातार निगरानी में टूटे हुए कैथेटर को पकड़कर बाहर निकाल लिया गया। पूरी प्रक्रिया सफल रही और इस दौरान कोई जटिलता नहीं हुई।

इसके बाद बच्ची की सांस लेने की स्थिति में सुधार हुआ। धीरे-धीरे उसे वेंटिलेटर और अन्य सांस संबंधी सहायता से मुक्त कर दिया गया। वह सामान्य रूप से दूध पीने लगी और उसका वजन भी बढ़ने लगा। स्वस्थ होने पर उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

नवजात रोग विशेषज्ञों की टीम में डॉ. आरके श्वेताभ, डॉ. शिवेंद्र, डॉ. अनीता सिंह, डॉ. आकांक्षा वर्मा और डॉ. फौजिया फरहत शामिल रहे। टीम ने विभागाध्यक्ष डॉ. कीर्ति एम. नारंजे के मार्गदर्शन में उपचार किया। हृदय रोग विशेषज्ञों की टीम का नेतृत्व डॉ. अंकित साहू और प्रो. आदित्य कपूर ने किया। इसमें सीनियर रेजिडेंट डॉ. अमित भी शामिल रहे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।