Move to Jagran APP

मायावती के खिलाफ भाजपा विधायक के अमर्यादित बोल, तमाम राजनीतिक दल नाराज

भाजपा विधायक साधना सिंह के बसपा सुप्रीमो मायावती के प्रति अमर्यादित बोल तमाम राजनीतिक दल नाराज हैं।

By Nawal MishraEdited By: Published: Sun, 20 Jan 2019 01:29 PM (IST)Updated: Sun, 20 Jan 2019 04:32 PM (IST)
मायावती के खिलाफ भाजपा विधायक के अमर्यादित बोल, तमाम राजनीतिक दल नाराज
मायावती के खिलाफ भाजपा विधायक के अमर्यादित बोल, तमाम राजनीतिक दल नाराज

लखनऊ, जेएनएन। भाजपा विधायक साधना सिंह के बसपा सुप्रीमो मायावती के प्रति अमर्यादित बोल तमाम राजनीतिक दल नाराज हैं। समाजवादी पार्टी और रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (ए) ने तो इस मामले में कार्रवाई की मांग की है। साधना सिंह के बयान के बाद बसपा और भाजपा भी हमलावर हैं। उल्लेखनीय है कि भाजपा विधायक ने स्टेट गेस्ट हाउस कांड को लेकर मायावती के प्रति घोर अमर्यादित बयान दिया था।

loksabha election banner

बयान भाजपा के नैतिक दिवालियापनः अखिलेश

सपा मुखिया अखिलेश यादव ने ट्वीट कर कहा कि यह भाजपा के नैतिक दिवालियापन और हताशा का प्रतीक है। सपा अध्यक्ष ने कहा कि मुगलसराय से बीजेपी की महिला विधायक ने जिस तरह के आपत्तिजनक अपशब्द मायावती के लिए प्रयोग किए हैं वह घोर निंदनीय हैं। ये भाजपा के नैतिक दिवालियापन और हताशा का प्रतीक है और देश की महिलाओं का भी अपमान है।

सपा ने दर्ज कराई शिकायत

सपा के पूर्व सांसद रामकिशुन यादव ने चंदौली डीएम नवनीत सिंह चहल से इसकी शिकायत की है। डीएम ने कहा कि वह वीडियो देखने के बाद निर्णय लेंगे। सपा का प्रतिनिधि मंडल एसपी संतोष सिंह से मिलकर उठाएगा कानूनी कार्रवाई की मांग की। रामकिशुन ने कहा की जिला प्रशासन ने अनदेखी की तो आंदोलन होगा। उधर सपा के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने प्रेस कांफ्रेंस बुलाई है। भाजपा उत्तर प्रदेश के महामंत्री पंकज सिंह के बबुरी में आयोजित कार्यक्रम में साधना सिंह पर विवादित बयान देने के आरोप लगे हैं।

रामदास आठवले नाराज़ 

बसपा सुप्रीमो मायावती पर भाजपा विधायक साधना सिंह के विवादित बयान से केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले नाराज़ हैं। केंद्रीय मंत्री ने आज लखनऊ में कहा कि मायावती पर विवादित बयान बर्दाश्त नहीं कर सकते। लखनऊ में केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने कहा कि हमारी पार्टी भाजपा के साथ है, लेकिन हम मायावती के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी से सहमत नहीं हैं। वह हमारे दलित समुदाय की एक मजबूत महिला हैं, एक अच्छी प्रशासक हैं। उन्होंने कार्रवाई की मांग की है।

बयान से दिखता भाजपा का स्तरः सतीश मिश्र

बसपा नेता सतीश चंद्र मिश्रा ने कहा कि साधना सिंह ने हमारी पार्टी अध्यक्ष के लिए जिस तरह के शब्दों का इस्तेमाल किया है, वह भाजपा का स्तर दिखाते हैं। सपा-बसपा गठबंधन की घोषणा के बाद भाजपा नेताओं ने अपना मानसिक संतुलन खो दिया है। उनको आगरा और बरेली के मेंटल हॉस्पिटलों में एडमिट कराना चाहिए।

चीरहरण करने वालों से मिलाया हाथ : साधना

साधना सिंह ने चंदौली कृषि कुंभ के दौरान भाजपा किसान मोर्चा के प्रभारी व विधायक पंकज सिंह की मौजूदगी में एक ऐसा बयान दे डाला है जो भाजपा के लिए परेशानी का कारण बन सकता है। मुगलसराय विधायक साधना सिंह ने भाषण के दौरान मायावती पर निशाना साधा। उन्होंने बसपा प्रमुख को गेस्ट हाउस कांड की याद दिलाते हुए कहा कि उन्होंने सत्ता के लिए चीरहरण करने वालों के साथ हाथ मिला लिया। विधायक के इस बयान को लेकर सियासी जगत और सोशल मीडिया पर हलचल शुरू हो गई है। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.