Move to Jagran APP

प्रियंका गांधी वाड्रा के पहले दौरे में भाजपा को बड़ा झटका, गुर्जर नेता अवतार सिंह की 'घर वापसी'

अवतार सिंह भड़ाना ने भारतीय जनता पार्टी के विधायक पद और राष्ट्रीय कार्यकारिणी से इस्तीफा दे दिया है। आज अवतार सिंह भड़ाना प्रियंका गांधी के सामने कांग्रेस में शामिल होंगे।

By Dharmendra PandeyEdited By: Published: Thu, 14 Feb 2019 02:07 PM (IST)Updated: Thu, 14 Feb 2019 09:26 PM (IST)
प्रियंका गांधी वाड्रा के पहले दौरे में भाजपा को बड़ा झटका, गुर्जर नेता अवतार सिंह की 'घर वापसी'
प्रियंका गांधी वाड्रा के पहले दौरे में भाजपा को बड़ा झटका, गुर्जर नेता अवतार सिंह की 'घर वापसी'

लखनऊ, जेएनएन। प्रदेश कांग्रेस की दशा सुधारने के लिए चार दिन से लखनऊ में संगठन की समीक्षा में जुटीं प्रियंका गांधी ने गुरुवार को भाजपा को झटका दिया। मुजफ्फरनगर जिले की मीरापुर सीट से विधायक अवतार सिंह भड़ाना और पूर्व गृह राज्य मंत्री रामलाल राही को कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करा प्रियंका ने फ्रंट फुट पर खेलते हुए सियासी छक्का जड़ा।

loksabha election banner

कांग्रेस में शामिल हुए दोनों नेताओं ने यूं तो घर वापसी की है परंतु जिस सीट से अवतार भड़ाना विधायक निर्वाचित हुए थे, उसे भाजपा की परंपरागत सीट नहीं माना जाता है। मूलत: हरियाणा के निवासी अवतार भड़ाना पुराने कांग्रेसी रहे हैं। फरीदाबाद से तीन और मेरठ से एक बार सांसद रह चुके हैं। मीरापुर से विधायक चुने गए भड़ाना प्रदेश सरकार में मंत्री नहीं बनाए जाने को लेकर नाराज चल रहे थे। उन्होंने गुरुवार को कांग्रेस में शामिल होने से पहले भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी से भी इस्तीफा दे दिया। 

राही के पुत्र हैं भाजपा विधायक

प्रियंका के सामने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करने वाले पूर्व मंत्री रामलाल राही के पुत्र सुरेश राही भाजपा के टिकट पर सीतापुर जिले की हरगांव सीट से विधायक निर्वाचित हुए थे। चुनाव से पूर्व ही रामलाल राही ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की थी।

सिंधिया ने कराया आपरेशन भाजपा

गुरुवार को भाजपा को दिए झटके की रणनीति ज्योतिरादित्य सिंधिया ने तैयार करायी थी। एक पूर्व मंत्री के माध्यम से अवतार भड़ाना और राही ने सिंधिया से मुलाकात की। बुधवार को वार्ता के बाद गुरुवार शाम सात बजे मीडिया के समक्ष दोनों नेताओं को कांग्रेस में आने की पुष्टि की गई। कांग्रेस में शामिल होने के बाद भड़ाना ने कहा कि भाजपा में केवल पैसे वालों की चलती है। किसानों की सुनवाई नहीं है, पूंजिपतियों के कब्जे वाली पार्टी में दम घुट रहा था, इसीलिए घर वापसी का फैसला लिया।

भाजपा को झटका

अवतार सिंह भड़ाना का क्षेत्र में बड़ा रसूख है और गुर्जर बेल्ट में काफी अच्छी पकड़ भी है। कांग्रेस के टिकट पर 2014 का लोकसभा चुनाव अवतार सिंह भड़ाना ने फरीदाबाद से लड़ा था, तब उनके सामने भाजपा के कृष्णपाल गुर्जर विजयी हुए थे। कृष्णपाल गुर्जर पर भड़ाना हमेशा उंगली उठाते रहते हैं। उन्होंने अपने समर्थकों के बीच कहा था कि फरीदाबाद लोकसभा क्षेत्र में जनता मौजूदा जनप्रतिनिधियों से नाखुश है। अवतार भड़ाना ने कहा था कि केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर से क्षेत्र की जनता खुश नहीं है।

31 साल की उम्र में बिना विधायक बने बन गए मंत्री

अवतार भड़ाना का राजनीतिक सफर शुरू तो कांग्रेस से हुआ था, लेकिन प्रदेश की राजनीति में चर्चा में तब आए, जब 1988 में बिना विधायक ही तत्कालीन मुख्यमंत्री चौधरी देवीलाल ने अपने मंत्रिमंडल में शहरी स्थानीय निकाय राज्य मंत्री बनाया था। चौधरी देवीलाल के पुत्र और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी ओमप्रकाश चौटाला के विरोध के कारण छह माह बाद ही भड़ाना की मंत्रिमंडल से विदाई हो गई थी। इसके बाद भड़ाना कांग्रेस में शामिल हो गए और उसके बाद इनेलो में होते हुए अब भाजपा में हैं।

अवतार भड़ाना का राजनीतिक सफरनामा

1988- हरियाणा के तत्कालीन मुख्यमंत्री चौधरी देवीलाल ने अवतार भड़ाना को बिना विधायक छह माह के लिए शहरी स्थानीय निकाय राज्य मंत्री बनाया था।

1991- अवतार भड़ाना कांग्रेस की टिकट पर फरीदाबाद लोकसभा क्षेत्र से सांसद बने।

1996- अवतार भड़ाना कांग्रेस की टिकट पर फरीदाबाद लोकसभा चुनाव में भाजपा के रामचंद्र बैंदा से चुनाव हार गए।

1998- मध्यावधि लोकसभा चुनाव में अवतार भड़ाना को कांग्रेस की टिकट नहीं मिली और वे जनता दल की टिकट पर चुनाव लड़े तथा चुनाव हार गए, इस चुनाव में भी भाजपा के रामचंद्र बैंदा जीते।

1999- लोकसभा चुनाव में अवतार भड़ाना को कांग्रेस ने मेरठ लोकसभा क्षेत्र से टिकट दिया। यहां से भड़ाना चुनाव जीत गए।

2004- लोकसभा चुनाव में अवतार भड़ाना फिर से फरीदाबाद से कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़े और जीत गए।

2009- अवतार भड़ाना फरीदाबाद से लगातार दूसरी बार चुनाव जीते

2014- अवतार भड़ाना कांग्रेस की टिकट पर भाजपा के कृष्णपाल गुर्जर से 4.67 लाख वोट से चुनाव हार गए।

2014- हरियाणा विधानसभा चुनाव में अवतार भड़ाना इंडियन नेशनल लोकदल में शामिल हो गए। उन्होंने इनेलो के लिए स्टार प्रचारक के रूप में काम किया।

2015- दिल्ली विधानसभा चुनाव में अवतार भड़ाना इंडियन नेशनल लोकदल छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए और पार्टी ने इन्हें दिल्ली चुनाव में स्टार प्रचारक के रूप में उतारा।

2016- अवतार भड़ाना को भाजपा राष्ट्रीय कार्यसमिति का सदस्य बनाया गया।

2017- उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में अवतार भड़ाना मीरापुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़े और जीत गए। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.