यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 26, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
छिटपुट झड़पों के बीच निबट गया दूसरे चरण का मतदान, फर्रुखाबाद में फायरिंग
उत्तर प्रदेश में फर्रुखाबाद में फर्जी मतदान को लेकर हुए विवाद में सपा और भाजपा नेताओं में झड़प हो गई। इस दौरान सपा समर्थकोंं ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।

लखनऊ (जेएनएन)। उत्तर प्रदेश में फर्रुखाबाद में फर्जी मतदान को लेकर हुए विवाद में सपा और भाजपा नेताओं में झड़प हो गई। इस दौरान सपा समर्थकोंं ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इसमें सदर विधायक सुनील दत्त द्विवेदी के चचेरे भाई भाजयुमो नेता प्रांशुदत्त द्विवेदी के साथ चल रहा सचिन मिश्रा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद भाजपाइयों ने हंगामा करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक व अन्य पुलिस अधिकारियों के साथ धक्का-मुक्की कर दी। भाजयुमो नेता ने पूर्व विधायक विजय सिंह और निकाय चुनाव में सपा प्रत्याशी दमयंती सिंह के दो पुत्रों को नामजद करते हुए मुकदमा दर्ज कराया। दूसरी ओर एक बूथ के बाहर एक निर्दलीय सभासद प्रत्याशी ने विवाद होने पर तमंचा लहरा दिया। इटावा के एक मतदान केंद्र पर करीब 200 लोगों की एकत्रित भीड़ को पुलिस ने लाठी भांजकर खदेड़ा।
बूथ कैप्चरिंग को लेकर झड़पें
शाहजहांपुर में कई स्थानों पर फर्जी मतदान और बूथ कैप्चरिंग को लेकर प्रत्याशियों और उनके समर्थकों के बीच झड़पें हुईं। तक्षशिला स्कूल के बाहर बने बूथ पर तो तीन बाइक सवारों ने सरेआम फायरिंग कर जिससे अफरातफरी मच गई। जलालाबाद में भाजपा के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी मनोज कश्यप ने पुलिस पर पिटाई का आरोप लगाया। पुवायां में प्रत्याशियों के दो गुटों के बीच मारपीट हुई। मैनपुरी के कुसमरा में बूथ के बाहर फायरिंग हो गई। रामपुर के गंज और केमरी में फर्जी आइडी बनाते लोग पकड़े गए। फर्जी वोट डालने को लेकर कई जगह विवाद रहा तो सूची से मतदाताओं के नाम गायब होने को लेकर हंगामा हुआ। सपा विधायक नसीर खां और पूर्व मंत्री आजम खां की बहन का नाम भी सूची में शामिल नहीं था। इसे लेकर आजम खां ने भाजपा सरकार को दोषी ठहराया। अलीगढ़ में फर्जी वोटिंग को लेकर नगर निगम क्षेत्र के जयगंज में पथराव हो गया।
मतदान से वंचित पूर्व चुनाव आयुक्त
मतदाता सूची में गड़बड़ी के शिकार पूर्व चुनाव आयुक्त जीवीजी कृष्णमूर्ति भी हो गए। जब वह अपनी पत्नी के साथ मतदान करने के लिए बूथ पर पहुंचे तो वहां उनका नाम लिस्ट से गायब मिला। नाराज होकर अपने आवास लौट गए। जीवीजी कृष्णमूर्ति बीते करीब 25 सालों से दिल्ली से सटे गाजियाबाद के कौशांबी स्थित मलयगिरी टावर के फ्लैट नंबर 1402 में परिवार सहित रहते हैं। कौशांबी आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष विनय मित्तल ने पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त के वोट न दे पाने की पुष्टि की।
विधायक उमाशंकर व ब्लाक प्रमुख पर शिकंजा
बलिया के रसड़ा नगर पालिका परिषद में निर्धारित समय समाप्त होने के बाद भी शनिवार की रात करीब साढ़े नौ बजे चुनाव प्रचार करने पर पुलिस ने विधायक उमाशंकर सिंह व ब्लाक प्रमुख सतीश सिंह समेत 15-20 अज्ञात पर मुकदमा कायम किया है। आदर्श चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करने पर यह कार्रवाई उडऩदस्ता प्रभारी ओमप्रकाश की तहरीर पर रसड़ा कोतवाली में की गई है।