मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का निधन, सीएम सहित प्रदेश के सभी मंत्री शोकाकुल
CM Yogi Adityanath Mother: सीएम योगी आदित्यनाथ की माता ने 91 वर्ष की आयु में अंतिम सांस ली। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी
HighLights
सीएम योगी आदित्यनाथ की माता ने 91 वर्ष की आयु में अंतिम सांस ली
पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक के पंचूर गांव में निधन
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने निधन पर व्यक्त किया शोक
डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का शुक्रवार को उत्तराखंड में पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक के पंचूर गांव में निधन हो गया। सीएम योगी आदित्यनाथ की माता ने 91 वर्ष की आयु में अंतिम सांस ली। उनका अंतिम संस्कार शनिवार को हरिद्वार में हो सकता है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी ने उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल में अंतिम सांस ली। वह लंबे समय से अस्वस्थ थीं और बीते दिनों एम्स ऋषिकेश में भर्ती भी हुई थीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उस दौरान उनको देखने भी गए थे। इसके बाद उनके पैतृक गांव पंचूर में इलाज चल रहा था। पौढ़ी के एसएसपी सर्वेश पंवार और सीएम योगी आदित्यनाथ के भाई महेन्द्र ने बताया कि दिन में करीब 11 बजे उनका निधन हुआ।
मुख्यमंत्री के पिता आनंद सिंह बिष्ट का वर्ष 2020 में निधन हुआ था। उस समय मुख्यमंत्री कोरोना को लेकर बैठक कर रहे थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज अपनी कर्मभूमि गोरखपुर में छात्र-छात्राओं को टैबलेट वितरित कर रहे हैं। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक्स पर पोस्ट किया कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पूज्य माताजी श्रीमती सावित्री देवी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है। मां का स्नेह, आशीर्वाद और ममता जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होती है। उनका जाना परिवार के लिए एक अपूरणीय क्षति है। बाबा केदार से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा माननीय योगी जी सहित समस्त शोकाकुल परिजनों को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति।
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने उनके निधन पर एक्स पर पोस्ट किया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पूजनीय माताजी श्रीमती सावित्री देवी जी के स्वर्गवास का समाचार अत्यंत दुःखद है। इस कठिन घड़ी में मेरी गहन संवेदनाएं मुख्यमंत्री एवं समस्त शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। पूज्य माताजी को विनम्र श्रद्धांजलि! मां का स्नेह और आशीर्वाद जीवन की वह अनमोल पूंजी है, जो हर कठिन समय में संबल देती है। उनका साया सिर से उठ जाना जीवन की ऐसी अपूरणीय क्षति है, जिसे शब्दों में व्यक्त करना कठिन है। प्रभु श्रीराम जी से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोक-संतप्त परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति।