अखिलेश यादव और डिंपल यादव ने किया मुलायम सिंह यादव को नमन, अपर्णा यादव ने भी किया भावुक पोस्ट
Mulayam Singh Yadav Birth Anniversary: मुलायम सिंह यादव 1967 में पहली बार विधायक और 1992 में समाजवादी पार्टी की स्थापना की। आज पार्टी ने वृहद स्वरूप प्राप्त कर लिया है।

मुलायम सिंह यादव की जयंती पर यादव परिवार के सभी लोगों ने उनको याद किया।
HighLights
सपा मुखिया अखिलेश यादव ने समाजवादी सिद्धांतों को हर क्षेत्र में सक्रिय करने का संकल्प दोहराया
मैनपुरी से सांसद डिंपल यादव ने बताया सबके मार्गदर्शक और प्रेरणास्रोत
मुलायम सिंह यादव के छोटे पुत्र स्वर्गीय प्रतीक की पत्नी भाजपा नेता अपर्णा ने भी किया याद
डिजिटल डेस्क, लखनऊ। समाजवादी पार्टी के संस्थापक पदमभूषण मुलायम सिंह यादव की 87वीं जयंती पर 22 नवंबर रविवार को अखिलेश यादव के साथ ही सांसद डिंपल यादव ने उनको नमन किया। जमीन से उठकर देश की राजनीति में अपनी विशिष्ट पहचान बनाने वाले मुलायम सिंह यादव को लोग प्यार से धरतीपुत्र भी कहते थे।
मुलायम सिंह यादव ने राजनीति में भी कुश्ती के अखाड़े का 'चरखा दांव' बखूबी आजमाया था। मुलायम सिंह यादव 1967 में पहली बार विधायक और 1992 में समाजवादी पार्टी की स्थापना की। आज पार्टी ने वृहद स्वरूप प्राप्त कर लिया है। मुलायम सिंह यादव की जयंती पर यादव परिवार के सभी लोगों ने उनको याद किया।
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लिखा कि आज श्रद्धेय नेताजी की जयंती पर उनको कोटि-कोटि नमन करते हुए हम उनके समाजवादी सिद्धांतों और मानवीय -व्यावहारिक मूल्यों को और भी अधिक दृढ़ता के साथ आत्मसात् और जीवन के हर क्षेत्र में सक्रिय करने का संकल्प दोहराते हैं।
श्रद्धेय नेताजी से हमने जो सबसे सरल सबक सीखा वो था, किसी के बुरे वक्त में साथ देना और कोई भी हो अगर वो ‘मदद’ की उम्मीद लेकर आये तो यथासंभव सहायता करना। इसके साथ ही एक अच्छी बात ये भी सीखी कि हो सकता है कोई किसी वजह या दबाव से आपके खिलाफ हो गया हो लेकिन हर कोई हमेशा बुरा या खराब नहीं होता है, इसीलिए जब कभी कोई सच्चे मन से, निस्वार्थ भाव से रिश्ते सुधारने के लिए कदम बढ़ाए तो हाथ आगे बढ़ाने में पीछे मत हटना।
मैनपुरी से सांसद डिंपल यादव ने लिखा कि समाजवादी पार्टी के संस्थापक, पूर्व रक्षामंत्री, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, हम सबके मार्गदर्शक और प्रेरणास्रोत श्रद्धेय नेताजी माननीय मुलायम सिंह यादव जी की जयंती पर शत शत नमन।
मुलायम सिंह यादव के छोटे पुत्र स्वर्गीय प्रतीक यादव की पत्नी अपर्णा यादव ने लिखा पिताजी, आज आपका जन्मदिन है, पर आपकी अनुपस्थिति में यह दिन अधूरा सा लगता है। आपकी यादें, आपके आदर्श और आपका स्नेह आज भी मेरी शक्ति और प्रेरणा हैं। एक बेटी और बहू के रूप में मैं आपके मूल्यों को अपने जीवन में जीवित रखने का प्रयास करती रहूंगी। जन्मदिन की अनंत शुभकामनाएँ, मेरे पूज्य पिताजी। आपकी कमी हर क्षण महसूस होती है।
सपा से राज्यसभा सदस्य और पार्टी के प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव प्रो. राम गोपाल यादव ने लिखा कि भारत के भूतपूर्व रक्षा मंत्री, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ,समाजवादी पार्टी के संस्थापक नेता जी श्री मुलायम सिंह यादव को उनके जन्म दिवस पर विनम्र श्रद्धांजलि और शत शत नमन। कृतज्ञ राष्ट्र उन्हें सदैव आदर पूर्वक याद करेगा ।
इटावा के जसवंत नगर की मुलायम सिंह यादव की विरासत संभाल रहे उनके अनुज शिवपाल सिंह यादव ने लिखा, आज नेताजी की जयंती है…, मन में एक कसक भी है और गर्व भी।
कसक इस बात की कि हमारे आदरणीय नेताजी आज हमारे बीच नहीं हैं और गर्व इस बात का कि उन्होंने हमें ऐसा समाजवादी विचार और ऐसी संघर्ष की विरासत दी, जो कभी समाप्त नहीं हो सकती।
नेताजी ने मुझे ही नहीं, हम सभी कार्यकर्ताओं को एक परिवार की तरह अपनाया। उन्होंने सिखाया कि मुश्किल कितनी भी बड़ी हो, गरीब-किसान और जनता के अधिकारों की लड़ाई से कभी पीछे नहीं हटना है।
आज उनकी जयंती पर मैं अपने हर समाजवादी साथी से कहना चाहता हूं, नेताजी को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब हम उनके सपनों को अपने संघर्ष का संकल्प बनाएंगे। 2027 हमारे लिए सिर्फ सत्ता परिवर्तन का चुनाव नहीं है। यह नेताजी के सपनों को पूरा करने, समाजवाद को मजबूत करने और उत्तर प्रदेश की जनता के सम्मान व अधिकार की लड़ाई को आगे बढ़ाने का अवसर है।
नेताजी की यादों को अपनी ताकत बनाकर, एकजुट होकर आगे बढ़ें। नेताजी का सपना अधूरा न रहे, हर समाजवादी कार्यकर्ता का संकल्प पूरा हो। 2027 में समाजवाद की जीत हो। नेताजी अमर रहें। जय समाजवाद!
बदायूं से समाजवादी पार्टी के सांसद आदित्य यादव ने लिखा कि हमारे पूज्य श्रद्धेय नेताजी मुलायम सिंह यादव जी की जयंती पर सादर नमन। नेताजी का स्नेह, आशीर्वाद और जनसेवा के प्रति समर्पण सदैव हमारे हृदय में जीवित रहेगा। नेताजी के आदर्शों, विचारों और संघर्षों की विरासत को आगे बढ़ाना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।