विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 07, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

UP Block Pramukh Chunav 2021: गोंडा में पर्चा खरीदने को लेकर बवाल, फायरिंग; मौके पर कई थानों की पुलिस और पीएसी तैनात

By Vikas MishraEdited By:
Published: Wed, 07 Jul 2021 02:04 PM (IST)

गोंडा में कटरा बाजार ब्लॉक प्रमुख चुनाव में पर्चा खरीदने को लेकर भाजपा व सपा समर्थकों के बीच बवाल हो ...और पढ़ें

कटरा बाजार ब्लॉक प्रमुख चुनाव में पर्चा खरीदने को लेकर भाजपा व सपा समर्थकों के बीच बवाल हो गया।
कटरा बाजार ब्लॉक प्रमुख चुनाव में पर्चा खरीदने को लेकर भाजपा व सपा समर्थकों के बीच बवाल हो गया।

गोंडा, जागरण संवाददाता। कटरा बाजार ब्लॉक प्रमुख चुनाव में पर्चा खरीदने को लेकर भाजपा व सपा समर्थकों के बीच बवाल हो गया। दोनों पक्षों की तरफ से ईंट-पत्थर चलने लगे। इसी बीच फायरिंग से भगदड़ मच गई। पूर्व सपा विधायक बैजनाथ दूबे का वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए दोनों पक्षों के समर्थकों को खदेड़ लिया। साथ ही पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को मामले की सूचना दी गई। मौके पर कई थानों की पुलिस के साथ पीएसी तैनात कर दी गई है। इसके बाद स्थिति को नियंत्रण में किया जा सका। उधर भाजपा विधायक बावन सिंह ने उपद्रवियों के खिलाफ मुकदमा लिखाने की बात कही है। 

बताया जाता है कि बुधवार की सुबह करीब 11 बजे भदैया के क्षेत्र पंचायत सदस्य पंकज गोस्वामी पर्चा खरीदने ब्लॉक परिसर पहुंचे। उनके साथ पूर्व प्रधान अर्जुन प्रसाद गोस्वामी व अन्य लोग थे। इसी बीच पर्चा खरीदने के दौरान कार्यकर्ताओं में नोंकझोंक होने लगी। प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक कुछ लोग पूर्व प्रधान अर्जुन प्रसाद गोस्वामी को पीटते हुए परिसर से बाहर ले गए। मौजूद लोगाें ने इसकी सूचना सपा के पूर्व विधायक बैजनाथ दूबे को दी। वह अपने समर्थकों के साथ ब्लॉक परिसर पहुंच गए। उन्हें देखते ही भाजपा समर्थक भड़क उठे। दोनों पक्षों की तरफ से पथराव शुरू हो गया। इसी बीच हुई फायरिंग से भगदड़ मच गई।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए लाठियां चलाकर भीड़ को तितर-बितर कर दिया। इस पर भी मामला नहीं शांत हुआ तो पुलिस ने भी हवाई फायरिंग की। पत्थर बाजी के दौरान सपा के पूर्व विधायक बैजनाथ दूबे का वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि दोनों पक्षों में से किसी को भी चोटें नहीं आईं। सीओ कर्नलगंज मुन्नालाल उपाध्याय ने बताया कि अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज, एसडीएम हीरालाल समेत कई थानों की पुलिस मौजूद है। शांति व्यवस्था कायम कराई जा चुकी है। भीड़ को हटाने के लिए आंसू गैस व रबड़ की गोलियां चलाई गई थी। पुलिस ने हवाई फायरिंग नहीं की। मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलते ही आरोपितों के खिलाफ मुकदमा किया जाएगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।