BSP विधायक उमाशंकर सिंह के ठिकानों पर दूसरे दिन भी छापेमारी जारी, अब तक 10 करोड़ कैश बरामद
IT Raids in UP: छात्रशक्ति कंस्ट्रक्शन कंपनी के कारपोरेट कार्यालय और वजीर हसन रोड पर करीबी ठेकेदार फैजी के ठिकानों की गहन जांच की।

लखनऊ के गोमतीनगर स्थित विपुल खंड में विधायक उमाशंकर सिंह के दोनों आवासों पर तलाशी पूरी
HighLights
लखनऊ में छात्रशक्ति कंस्ट्रक्शन कंपनी के कारपोरेट कार्यालय में पड़ताल
विधायक उमाशंकर सिंह और उनके करीबियों के ठिकानों पर आयकर विभाग की छापेमारी का दूसरा दिन
लखनऊ के वजीर हसन रोड पर करीबी ठेकेदार फैजी के ठिकानों की गहन जांच
राज्य ब्यूरो, लखनऊ । उत्तर प्रदेश में बसपा के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह और उनके करीबियों के ठिकानों पर आयकर विभाग की छापेमारी में अब तक 10 करोड़ रुपये की नकदी बरामद हुई है। बुधवार सुबह शुरू हुई कार्रवाई गुरुवार को भी जारी रही।
गुरुवार दोपहर तक लखनऊ के गोमतीनगर स्थित विपुल खंड में विधायक के दोनों आवासों पर तलाशी पूरी कर ली गई, जबकि बलिया, वाराणसी, सोनभद्र व प्रयागराज में स्थित ठिकानों पर कार्रवाई जारी है। आयकर विभाग की तीन टीमों ने गोमतीनगर स्थित आवास, छात्रशक्ति कंस्ट्रक्शन कंपनी के कारपोरेट कार्यालय और वजीर हसन रोड पर करीबी ठेकेदार फैजी के ठिकानों की गहन जांच की।
सोनभद्र में साईं राम इंटरप्राइजेज के नाम से खनन कारोबार से जुड़े सीबी गुप्ता समेत कई कारोबारियों के ठिकानों को भी खंगाला गया। सूत्रों के मुताबिक, छापेमारी के दौरान टैक्स चोरी और बेनामी संपत्तियों से जुड़े अहम दस्तावेज मिले हैं। सोनभद्र और मिर्जापुर में पिछले वर्षों में हुए कथित अवैध खनन से संबंधित दस्तावेजों में कुछ अधिकारियों के नाम और कथित लेन-देन का भी उल्लेख बताया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- आयकर विभाग की MLA उमाशंकर सिंह के ठिकानों पर कार्रवाई को BSP President मायवती ने बताया मनवता के खिलाफ
आयकर विभाग को आशंका है कि खनन कारोबार के जरिए कई प्रभावशाली लोगों की काली कमाई निवेश की गई है।
यह भी पढ़ें- IT Raids पर बसपा विधायक उमाशंकर के पक्ष में उतरे Yogi Adityanath सरकार के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह
गौरतलब है कि बीते वर्ष सीएजी की रिपोर्ट में सोनभद्र में अवैध खनन से करीब 60 करोड़ रुपये के राजस्व नुकसान का उल्लेख किया गया था। माना जा रहा है कि उसी रिपोर्ट के आधार पर यह बड़ी कार्रवाई की गई है।
यह भी पढ़ें- बसपा मुखिया मायावती के बाद विधायक Umashankar Singh के पक्ष में उतरे सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव
कौशांबी में भी आयकर की जांच
बसपा विधायक उमाशंकर सिंह की संस्था छात्र शक्ति इंफ्रा लिमिटेड (सीएसआइएल) की सरायअकिल क्षेत्र के जयंतीपुर स्थित प्लांट पर गुरुवार को दूसरे दिन भी आयकर विभाग की टीम ने जांच की। टीम में शामिल अधिकारियों ने कर्मचारियों से गहन पूछताछ की और उपलब्ध दस्तावेज भी खंगाले। प्लांट को आने-जाने वाले रास्ते पर बैरीकेडिंग करा दी है, जिससे उधर कोई आ-जा न सके। टीम ने बुधवार को भी छापेमारी कर जांच-पड़ताल की थी।
प्रयागराज में एयरपोर्ट से लेकर तपोस्थली तक बन रही फोरलेन का ठेका सीएसआइएल को मिला हुआ है। जयंतीपुर गांव के सामने बसपा विधायक ने गिट्टी व बालू मिक्स करने का प्लांट लगा रखा है। यहां पर कंपनी करीब तीन साल से काम कर रही है। यह कंपनी पहले उमाशंकर सिंह के निर्देशन में थी, अब उनकी पत्नी के नाम से चल रही है।आयकर विभाग के अधिकारियों ने दूसरे दिन भी प्लांट में छानबीन जारी रखी है।
