विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 07, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

जलियांवाला बाग एक्सप्रेस की बोगी उतरने से आठ ट्रेनों का रूट बदला

By Dharmendra PandeyEdited By:
Published: Sat, 07 Nov 2015 10:30 AM (IST)Updated: Sat, 07 Nov 2015 08:51 PM (IST)

उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल में 48 घंटे में दो हल्की ट्रेन दुर्घटना के बाद आज कई ट्रेनों का मार्ग ...और पढ़ें

News Article Hero Image

लखनऊ। उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल में 48 घंटे में दो हल्की ट्रेन दुर्घटना के बाद आज कई ट्रेनों का मार्ग बदला गया है। परसों बिना गार्ड व चालक के मालगाड़ी चलने के बाद कल रात कटघर रेलवे स्टेशन के बाद जलियांवाला बाग एक्सप्रेस की चार बोगियां पटरी से उतर गईं।

जिससे दिल्ली-लखनऊ ट्रैक बाधित हो गया। इस रूट से गुजरने वाली आठ ट्रेन का मार्ग बदलकर उनको कानपुर के रास्ते दिल्ली भेजा गया है। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे अफसरों में खलबली मच गई। तमाम अधिकारी मौके पर रवाना हो गए। जिलाधिकारी जुहैर बिन सगीर के अनुसार फिलहाल किसी जनहानि की सूचना नहीं है। ट्रेन का एक एसी कोच तथा तीन स्लीपर कोच पटरी से उतरे हैं। जिसके कारण ट्रैक बाधित है। ट्रेन की गति काफी धीमी होने के कारण कोई भी हताहत नहीं है।

अमृतसर से टाटानगर जाने वाली जलियांवाला बाग एक्सप्रेस (18104) कल देर रात रात करीब 11 बजे मुरादाबाद रेलवे स्टेशन से रवाना हुई। मुरादाबाद से चलने के 15 मिनट बाद ही रेलवे कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि आगे कटघर रेलवे स्टेशन से आगे रामगंगा नदी पार करने के बाद ट्रेन के एस-9, एस-10, एस-11 के साथ थर्ड एसी का बी-1 कोच पटरी से नीचे उतर गया। हादसे के बाद रेलवे ट्रैक उखड़ गया और पहिये ट्रैक से उतरकर पत्थरों में धंस गए। यात्रियों में चीख पुकार मच गई। कुछ यात्रियों के मामूली चोटें भी आईं। दुर्घटना की सूचना मिलते ही एंबुलेंस, पुलिस की गाडिय़ां मौके की ओर दौड़ पड़ीं। ट्रेन दुर्घटनाग्रस्त होने से लखनऊ की ओर जाने वाली नौचंदी एक्सप्रेस, पदमावत एक्सप्रेस, मोतिहारी एक्सप्रेस समेत अन्य ट्रेनों को बीच में रोकना पड़ा।

इन ट्रेनों का रूट बदला

जलियायवांला बाग एक्सप्रेस के दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण आठ ट्रेनों को लखनऊ के बाद कानपुर रूट से आगे भेजा गया। कटघर में अभी भी ट्रैक की मरम्मत का काम चल रहा है। जिन ट्रेन को कानपुर से आगे भेजा गया वह इस प्रकार हैं- सप्तक्रांति एक्सप्रेस (12557), सरयू यमुना एक्सप्रेस(14649), जनसाधारण एक्सप्रेस (13257), सियाल्दाह- दिल्ली एक्सप्रेस( 13119), गरीब रथ एक्सप्रेस (12211), गरीब नवाज एक्सप्रेस(15715), मल्दाटाउन भिवानी एक्सप्रेस(13429) तथा डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस(12235)।

रामनगर ट्रैक भी हुआ बंद

ट्रेन के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद रामनगर ट्रैक भी बाधित हो गया। ट्रेन के ईस्ट केबिन के पास बीच की बोगियां पलटने का कारण रेलवे ट्रैक का क्षतिग्रस्त होना माना जा रहा है। रामनगर ट्रैक बंद होने से काशीपुर होकर काठगोदाम जाने वाली सभी ट्रेन निरस्त कर दी गईं।

संपर्क क्रांति में लूटपाट

महोबा के कुलपहाड़ रेलवे स्टेशन पर आज सुबह नई दिल्ली से आई उत्तर प्रदेश सम्पर्क क्रांति एक्सप्रेस की जनरल बोगी में नकाबपोश बदमाशों ने यात्रियों को लाठी-डंडों से पीटकर लूटपाट शुरू कर दी। स्टेशन से ट्रेन के चलने पर लुटेरे कूदकर भाग गए। इंस्पेक्टर जीआरपी का कहना है कि यात्रियों में सीट को लेकर विवाद हुआ है। लूटपाट जैसी कोई बात नहीं है। आज सुबह साढ़े पांच बजे नई दिल्ली से चलकर मानिकपुर जाने वाली सम्पर्क क्रांति एक्सप्रेस जैसे ही कुलपहाड़ स्टेशन पर आकर रुकी तो एक जनरल बोगी में छह नकाबपोश लुटेरे लाठी व डंडों के साथ घुस आए और यात्रियों को पीटकर रुपये व सामान छीनने लगे। मारपीट में छह यात्री घायल हो गए। इतने में ही ट्रेन चल दी और लुटेरे कूदकर भाग गए। यात्रियों ने ट्रेन को रुकवा कर स्टेशन मास्टर को घटना की जानकारी दी तो उन्होंने महोबा जीआरपी में प्राथमिकी दर्ज कराने की बात कही। महोबा जीआरपी थाने में पार्क चौहान बांदा ने 2500 रुपये, किशन प्रजापति ने 5200 रुपये, अशोक कुमार ने 1200 रुपये, बैग व मोबाइल, शफीक अहमद ने पीटे जाने व 1000 रुपये छीने जाने की बात कही। जीआरपी इंस्पेक्टर अलमा अहिरवार ने बताया कि पैसे व समान लूटे जाने की बात सही नहीं है। बांदा के बैंदों के रहने वाले शफीक मोहम्मद ने अज्ञात लोगों द्वारा पीटे जाने की शिकायत की है।