लुटेरे बोले, हमारी भी मजबूरी है बहन
दंपती के आंसू देखकर बताई वारदात की बताई, वारदातें छोड़ने के प्रयास का भरोसा देकर भाग निकले
लखनऊ (जागरण संवाददाता)। हरदोई भाजपा विधायक आशीष सिंह की बहन गीता घटना से बेहद सहमी हुई हैं। पुलिस की पड़ताल के दौरान उन्होंने बताया कि भाई आलोक सिंह की बीती 24 फरवरी को सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी, जिसके बाद से वह बेहद परेशान हैं। शुक्रवार देर रात में बदमाश जब उनके पति पर असलहा तान जान से मारने की धमकी दे रहे थे तो वह घबरा गई। उन्होंने रोते हुए कहा कि अभी कुछ दिन पहले ही मैने अपने भाई को खोया है। आप लोग मेरे भाई जैसे हो, हमें मारकर आपको क्या मिलेगा। दंपती के आंसू देखकर बदमाश भावुक हो गए। गीता से कहा कि बहन मजबूरी है.. परिवार की रोजी रोटी चलानी है.. लेकिन हम आपको परेशान नहीं करेंगे। बदमाशों ने आगे से लूटपाट नहीं करने का प्रयास करने की बात कही। इसके बाद दंपती के पैर छूकर वहां से भाग निकले।
बेटी एमबीबीएस तो आइआइटी से इंजीनिय¨रग कर रहा बेटा
सुधीर ने बताया कि उनका एक बेटा मानस और बेटी दीपाली है। मानस खड़गपुर आइआइटी से इंजीनिय¨रग और दीपाली पुडुचेरी से एमबीबीएस कर रही है। गीता के मुताबिक उनके भाई की मौत से सब लोग परेशान हैं। यही कारण है कि उन्होंने वारदात के बाद मायके में किसी को घटना के बारे में नहीं बताया। शनिवार सुबह टूटे हुए फोन के सिम कार्ड से नंबर निकालकर दंपती ने विधायक भाई को फोन कर जानकारी दी।
दहशत में बीती रात, सहमे रहे दंपती
सुधीर के मुताबिक वह और उनकी पत्नी वारदात से बेहद सहम गए थे। खौफ के कारण दोनों घर से बाहर तक नहीं निकले और न ही आसपास के लोगों को इसकी सूचना दी। गीता ने बताया कि अक्सर रात में दो बजे कॉलोनी का चौकीदार आता है और सीटी बजाते हुए गश्त करता है, लेकिन घटना की रात वह भी नहीं आया।
पुलिस ने की पड़ताल, खंगाले कैमरे
घटना की जानकारी पर एएसपी पूर्वी सर्वेश कुमार मिश्र व सीओ आलमबाग संजीव कांत सिन्हा टीम के साथ मौके पर पहुंचे। दंपती से घटना के बारे में पूछताछ की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले। पुलिस को सूचना देने के करीब चार घंटे बाद मौके पर पहुंचे डॉग एस्क्वॉड ने भी छानबीन की। हालांकि पुलिस को अभी तक बदमाशों के बारे में कोई सुराग नहीं मिला है।
पुलिस देखी तो हुई घटना की जानकारी
शनिवार दोपहर में बड़ी संख्या पुलिस जब बहादुर खेड़ा कॉलोनी में पहुंची तो वहां के लोग हैरान रह गए। भीड़ देखकर धीरे-धीरे कॉलोनी के लोग बाहर निकले और मामले की जानकारी ली। तब लोगों को पता चला कि सुधीर के घर में रात में लूटपाट हुई है। कॉलोनी की महिलाएं गीता से मिलने उनके घर पहुंचीं और उन्हें ढाढस बढ़ाया।
सुधीर बोले, पहचान सकते हैं लुटेरों को
सुधीर ने बताया कि वह दोनों बदमाशों को सामने आने पर पहचान लेंगे। लुटेरों ने अपना चेहरा नहीं छिपाया था। उन्होंने अलमारी भी खंगाली। करीब 20 मिनट तक दंपती को बंधक बनाए रखा। बदमाशों के कैश और जेवरात की मांग करने पर सुधीर ने कहा कि आप लोग चेक कर लो, घर में कुछ भी नहीं है।