उत्तर प्रदेश का मान बढ़ाने वाले 19 खिलाड़ियों के घरों तक बनेंगी सडकें, 28 अगस्त को होगा शिलान्यास
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि जिन जिलों के खिलाड़यों के घरों तक सड़कें बनाई जानी हैं उन जिलों के कार्यक्रम में खिलाड़ियों व जनप्रतिनिधियो को आमंत्रित किया जाए।
लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रौशन करने वाले 19 खिलाड़ियों के घरों तक पद्मभूषण मेजर ध्यानचंद पथ योजना के तहत सड़कों के निर्माण कार्य का शिलान्यास कार्यक्रम 28 अगस्त को आयोजित करने का निर्देश दिया है। यह कार्यक्रम हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के जन्मदिवस की पूर्व संध्या पर होगा।
लोक निर्माण विभाग ने राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का मान बढ़ाने वाले खिलाड़ियों के घरों तक सड़क निर्माण व मरम्मत के लिए हॉकी के इस महान खिलाड़ी की स्मृति में यह अभिनव योजना शुरू की है। मंगलवार को अपने सरकारी आवास पर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि योजना के तहत जिन जिलों के खिलाड़यों के घरों तक सड़कें बनाई जानी हैं, उन जिलों मे आयोजित कार्यक्रम में खिलाड़ियों व जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जाए।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माणाधीन परियोजनाओं व सड़कों को तय समय सीमा के अंदर पूरा किया जाए। उप मुख्यमंत्री ने नाबार्ड योजना के अंतर्गत सभी कार्य अक्टूबर 2021 तक अनिवार्य रूप से पूरा करने का निर्देश दिया। जहां पर रेल उपरिगामी सेतु बने हैं और बड़े बाजार या घनी बस्ती है, वहां अंडरपास या फाटक बनवाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इस काम के लिए सर्वे 10 दिन के अंदर पूरा करा लिया जाए।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भारत रत्न मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया के जन्मदिन 15 सितंबर को आयोजित होने वाले इंजीनियर्स डे पर लोक निर्माण विभाग मुख्यालय पर विश्वेश्वरैया द्वार व पार्किंग के शिलान्यास की तैयारियां समय से पूरी करने का निर्देश दिया। नगर विकास विभाग की जो सड़कें लोक निर्माण विभाग को हस्तांतरित हो रही हैं ,उनकी मरम्मत के लिए नगर विकास विभाग से धनराशि लेने के लिए कहा। बांस-बल्ली के सहारे बनाये गए पुलों का सर्वे करने और पुराने, जर्जर पुलों का निरीक्षण करने का निर्देश दिया। विभाग की ओर से मौजूदा शासनकाल में कराये गए कार्यों की विधानसभा क्षेत्रवार पुस्तकें तैयार कराने का निर्देश दिया।