आरएलडी संसदीय बोर्ड की पहली बैठक आज दिल्ली में, विधानसभा चुनाव रणनीति पर होगा मंथन
राष्ट्रीय लोकदल के नवगठित संसदीय बोर्ड की पहली बैठक आज नई दिल्ली में होगी, जिसमें आगामी विधानसभा चुनावों की रणनीति पर मंथन किया जाएगा।

HighLights
आरएलडी संसदीय बोर्ड की पहली बैठक आज नई दिल्ली में।
आगामी विधानसभा चुनावों के लिए रणनीति पर होगा गहन मंथन।
संगठन को सक्रिय और प्रभावी बनाने पर रहेगा विशेष जोर।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। विधान सभा चुनाव से पहले अपने संगठन को धार देने में जुटा राष्ट्रीय लोकदल अब रणनीति के धरातल पर भी मजबूती से बढ़ रहा है। नवगठित संसदीय बोर्ड की पहली बैठक बुधवार को नई दिल्ली में आयोजित होगी, जहां आगामी विधान सभा चुनाव को देखते हुए रणनीति तय होगी।
बोर्ड के अध्यक्ष एवं पूर्व राज्यसभा सदस्य केसी त्यागी राजनीतिक गतिविधियों, कार्यक्रमों तथा विभिन्न समसामयिक विषयों पर पार्टी की नीतियों पर चर्चा करेंगे। संसदीय बोर्ड में उत्तर प्रदेश, हरियाणा एवं राजस्थान तक के प्रतिनिधियों को शामिल कर पार्टी अपने विस्तार का संदेश देने का प्रयास कर रही है।
बोर्ड के सदस्यों में मेजर जनरल विराक्षर दयाल (सेवानिवृत्त), तारीफ सिंह, मुंशी राम, अशोक यादव, पूर्व सांसद मलूक नागर, सांसद राजकुमार सांगवान, विधायक राजपाल बलियान, पूर्व विधायक अब्दुल समीर खान, विधान परिषद सदस्य योगेश चौधरी, विधायक सुभाष गर्ग, डा. यशपाल बघेल, अनिल दुबे, रमा नागर तथा बबीता तोमर शामिल हैं। किसान नेता युद्धवीर सिंह, विजय पूनिया, सुरेंद्रवीर गढ़ीना और चंद्रबली यादव को विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है।
रालोद पदाधिकारियों ने बताया कि पहली बैठक में भविष्य की कार्ययोजना तय करने, संगठन को और सक्रिय एवं प्रभावी बनाने पर जोर होगा।
