रिटायर महिला पुलिस इंस्पेक्टर ने सीएम योगी को कोरोना राहत कोष के लिए सौंपा 1.10 करोड़ का चेक
कोरोना के संकटकाल में सेवा से अपनी छवि काफी हद तक बदलने में कामयाब रही खाकी से जुड़ी एक और बेहतरीन नजीर सामने आई है।
लखनऊ, जेएनएन। कोरोना के संकटकाल में सेवा से अपनी छवि काफी हद तक बदलने में कामयाब रही खाकी से जुड़ी एक और बेहतरीन नजीर सामने आई है। कभी इसी महकमे में इंस्पेक्टर के रूप में अपने फर्ज निभाती रहीं पुष्पा दुबे सरकारी सेवा से भले ही निवृत्त हो गईं हों लेकिन, समाज की सेवा का जज्बा आज भी उनके दिल में है। उन्होंने प्रधानमंत्री राहत कोष और मुख्यमंत्री पीड़ित सहायता कोष के लिए एक करोड़ दस लाख रुपये के चेक सौंपने के साथ ही अपनी संपत्ति दान करने की भी इच्छा जताई है।
सेवानिवृत्त महिला पुलिस इंस्पेक्टर पुष्पा दुबे शनिवार शाम को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सरकारी आवास पहुंचीं। उन्होंने सीएम योगी आदित्यनाथ को प्रधानमंत्री राहत कोष के लिए एक करोड़ रुपये और मुख्यमंत्री पीड़ित सहायता कोष के लिए 10 लाख रुपये का चेक भेंट किया। पुष्पा दुबे ने वैश्विक महामारी कोविड-19 के संकट से निपटने के लिए मुख्यमंत्री द्वारा किए जा रहे कार्यों व प्रयासों की सराहना की। उन्होंने अपनी संपत्ति दान करने की भी इच्छा व्यक्त की है। बताया कि कानपुर नगर में उनका प्लॉट/शेल्टर/आश्रम है, जिन्हें वह दान करना चाहती हैं।
कोविड महामारी के बीच आमजन की स्वास्थ्य सुरक्षा हेतु आवश्यक संसाधन एकत्रित करने के लिए मुख्यमंत्री श्री @myogiadityanath जी को आज श्रीमती पुष्पा दुबे जी द्वारा पीएम-केयर फंड हेतु ₹01 करोड़ की धनराशि का चेक भी भेंट किया गया। pic.twitter.com/j5DQQpOMC5 — CM Office, GoUP (@CMOfficeUP) June 13, 2020
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुष्पा दुबे के जज्बे की प्रशंसा करते हुए कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल मार्गदर्शन में जनता के हितों व कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। कोविड-19 जैसे संकट से निपटने के लिए जनता के सहयोग व समर्थन के आधार पर सरकार निरंतर काम कर रही है। उन्होंने पुष्पा दुबे की भावनाओं की सराहना करते कहा कि प्रदेश सरकार भविष्य में आवश्यकता होने पर उन्हें अपनी संपत्ति दान करने के संबंध में सूचित करेगी।
कोविड-19 महामारी से प्रदेशवासियों की सुरक्षा करने हेतु आवश्यक संसाधन एकत्रित करने के लिए मुख्यमंत्री श्री @myogiadityanath जी द्वारा स्थापित 'मुख्यमंत्री पीड़ित सहायता कोष-कोविड केयर फंड' में आज श्रीमती पुष्पा दुबे जी द्वारा ₹10 लाख की धनराशि का चेक भेंट किया गया। pic.twitter.com/NS23XYgZLo — CM Office, GoUP (@CMOfficeUP) June 13, 2020